जल निकासी में जुटे तो भूले कूड़ा निस्तारण
शहर को कूड़ा मुक्त बनाने की नगर निगम की मंशा का रुख बारिश ने मोड़ दिया।
जागरण संवाददाता, बरेली : शहर को कूड़ा मुक्त बनाने की नगर निगम की मंशा का रुख बारिश ने मोड़ दिया। बीते दिनों हुई बारिश के कारण पूरा अमला शहर से जल निकासी में ही जुट गया। बाकरगंज खड्ड में लगने वाले प्लांट के बारे में अधिकारी भूल गए। करीब पांच महीने बीतने के बाद भी वहां प्लांट लगाने को मशीनें नहीं पहुंच पाई हैं।
बाकरगंज खड्ड में करीब पांच लाख मीट्रिक टन कूड़ा पड़ा है। इस कूड़े का वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण करने के लिए नगर निगम ने मार्च में ही अहमदाबाद की कंपनी अमेजो वेस्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशन के साथ अनुबंध किया था। कंपनी ने बाकरगंज में अपना कार्यालय बना लिया है। वहां बिजली का कनेक्शन भी लिया है। इसके साथ ही मशीनें चलाने के लिए ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन लाइन लेने को आवेदन कर दिया है। कंपनी के तीन कर्मचारी मैनेजर जेपी सिंह, सुपरवाइजर रंजीव शर्मा व जितेंद्र कार्यालय में ड्यूटी दे रहे हैं। बावजूद इसके अब तक प्लांट नहीं लग पाया है।
धंस गया है अस्थायी मार्ग
प्लांट लगाने के लिए कंपनी को वहां मशीनें पहुंचानी हैं। बाकरगंज मुख्य मार्ग से बड़ी-बड़ी मशीनें लाने के लिए जगह ही नहीं है। इस कारण नगर निगम ने श्मशान भूमि रोड से सराय तल्फी होकर एक अस्थायी मार्ग बाकरगंज तक बनाया था। यह रास्ता बीते दिनों हुई बारिश के कारण कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। वर्जन
प्लांट लगाने के लिए कंपनी से मशीनें आने को निकल चुकी हैं। सावन के चलते गाड़ियां रास्ते में ही रोकी गई हैं। इस कारण यहां नहीं पहुंच पाई। वहीं, यहां बनाया गया स्थायी मार्ग भी ठीक कराया जा रहा है।
आरके श्रीवास्तव, नगर आयुक्त