बरेली में नगर निगम ने बसों समेत राहगीरों पर की सैनिटाइजर की बौछार, प्रियंका व अखिलेश ने जताई आपत्ति Bareilly News
रविवार को बाहर से पैदल आने वाले राहगीरों को भी नगर निगम व फायर ब्रिगेड की टीम ने सोडियम हाइपो क्लारोइड युक्त पानी की बौछार डालकर सैनिटाइज किया था।
बरेली, जेएनएन। सुभाषनगर इलाके में पहला कोराेना संक्रमित युवक मिलने के बाद प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। पूरे इलाके को अच्छे से सैनिटाइज किया गया है। इसके बाद सैटेलाइट बस अड्डे पर बाहर से आने वाली बसों को भी यात्रियों के साथ में सैनिटाइज किया गया। इस दौरान बाहर से पैदल आने वाले कुछ यात्रियों को भी नगर निगम व फायर ब्रिगेड की टीम ने सोडियम हाइपो क्लारोइड युक्त पानी की बौछार डालकर सैनिटाइज किया। इससे कुछ यात्रियों को जलन होने लगी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो विपक्ष ने सरकार पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी, बहुजन समाजवादी पार्टी प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे लेकर ट्वीट भी किया है। मामला सुर्खियों में आने के बाद डीएम ने पूरे मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। ताकि इसका पता लगाया जा सके कि यात्रियों पर सैनिटाइजर की बौछार किसने की थी।
रविवार को सामने आया था पहला संक्रमित मरीज
रविवार को लखनऊ से आई जांच रिपोर्ट में सुभाषनगर निवासी एक युवक के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। शहर में कोरोना का पहला मामला सामने आने के बाद पूरा प्रशासन हरकत में आ गया। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर सुभाषनगर स्थित युवक के घर को क्वारंटाइन किया गया। इसके अलावा पूरे इलाके को नगर निगम व फायर ब्रिगेड की टीम ने सैनिटाइज किया। इसके बाद टीम सैटेलाइट व पुराने बस अड्डे की ओर से रवाना हो गई। दोपहर बाद सेटेलाइट, पुराना बस अड्डे को खाली करा लिया गया। जहां इन दिनों बाहर से आने वाले लोगों की खासी भीड़ जुट रही है।
यात्रियों से भरी बसों को किया सैनिटाइज
कोरोना का पहला मामला सामने आने के बाद सैटेलाइट बस अड्डे को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया गया। यहां खड़ी सभी बसों के साथ ही जिला, पुलिस प्रशासन की गाड़ियों को भी सैनिटाइज्ड किया गया। इसके बाद यहां पर आने वाली सभी सवारियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाते हुए बसों का संचालन भी बंद कर दिया गया। टीम ने सवारियों से भरी बसों, पूरे परिसर, सड़क तक को सैनिटाइज्ड किया। इसके अलावा बाहर राज्यों व जिलों से पैदल चलकर आने वाले कुछ राहगीरों को भी रोककर सड़क पर जमा किया। फिर नगर निगम व फायर ब्रिगेड की टीम ने सोडियम हाइपो क्लारोइड युक्त पानी की बौछार डालकर उन्हें भी सैनिटाइज्ड किया।
प्रियंका वाड्रा गांधी ने ट्वीट कर जताई आपत्ति
इस पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे लेकर ट्वीट भी किया है। उन्होंने लिखा है कि यूपी सरकार से गुजारिश है कि हम सब मिलकर इस आपदा के खिलाफ लड़ रहे हैं लेकिन कृपा करके ऐसे अमानवीय काम मत करिए। मजदूरों ने पहले से ही बहुत दुख झेल रखे हैं, उनको केमिकल डाल कर इस तरह मत नहलाइए। इससे उनका बचाव नहीं होगा, बल्कि उनकी सेहत के लिए और खतरे पैदा हो जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने राहगीरों पर सैनिटाइजर की बौछार करते हुए एक फोटो भी डाली है।
अखिलेश ने खड़े किए सवाल
मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सवाल खड़े किए हैं। उन्हें सवालों को ट्वीट भी किया है। उन्होंने लिखा कि क्या इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के निर्देश है? केमिकल से हो रही जलन का क्या इलाज है? भीगे लोगों के कपड़े बदलने की क्या व्यवस्था है? साथ में भीगे खाने के सामान की क्या वैकलिप व्यवस्था की है?
केंद्रीय मंत्री ने डीएम को किया फोन
मामले ने तूल पकड़ा तो केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने भी डीएम नितीश कुमार से बात की। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस और फायर ब्रिगेड का कहना है कि स्प्रे में केमिकल का उपयोग नहीं किया गया था। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
क्या बोले डीएम
डीएम नीतीश कुमार ने कहा कि फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीम को बस स्टैंड एरिया और खाली बसों को सैऩिटाइज करने के निर्देश दिए गये थे। हालांकि, कुछ कर्मचारियों ने मजदूरों पर बौछार कर दी थी। उन्हें ऐसा करने के निर्देश नहीं दिए गए थे। जिन पर सैनिटाइज की बौछार की गई, वह सभी लोग सुरछित हैं। आगे ऐसा न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। ऐसा किन लोगों ने किया, यह देखा जा रहा है।