विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MJPRU Exam Date 2026: रुहेलखंड यूनिवर्सिटी की स्नातक परीक्षाओं की तारीखें घोषित, जानें कब से शुरू होंगे पेपर

Published: Wed, 21 Oct 2026 07:06 PM (IST)

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर दिया है।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय

रुहेलखंड विश्वविद्यालय

HighLights

  1. 19 जनवरी 2027 तक होंगे स्नातक पांचवें सेमेस्टर के पेपर, विवि की तैयारी जारी

जागरण संवाददाता, बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होकर 19 जनवरी 2027 तक चलेंगी। वहीं, प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं एक दिसंबर से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय स्तर पर परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

परीक्षा नियंत्रक डाॅ. अनिल कुमार यादव के अनुसार, परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह आठ से 10 बजे, दूसरी पाली सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक और तीसरी पाली अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है।

रविवार को परीक्षा नहीं होगी। 17 नवंबर को पहले दिन स्नातक पांचवें सेमेस्टर के विभिन्न विषयों की परीक्षाएं होंगी। इनमें फैशन डिजाइनिंग, ट्रैवल एंड टूरिज्म, पर्सियन, कार्मिक हिंदी, आफिस मैनेजमेंट, डिफेंस स्टडीज, फिजिक्स और कामर्स शामिल हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी पूरी करें।

जनवरी तक चलेंगी परीक्षाएं

प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं एक दिसंबर से पहली और दूसरी पाली में कराई जाएंगी। प्रथम सेमेस्टर की अंतिम परीक्षा 22 दिसंबर को प्रस्तावित है, जबकि तृतीय सेमेस्टर का अंतिम पेपर 12 जनवरी को होगा।

इस तरह प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर माह की शुरुआत से अंत तक और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं जनवरी तक चलेंगी। विश्वविद्यालय की ओर से प्रश्नपत्रों और परीक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सीट दिख रही अनलाॅक, सेमिनार कक्ष में आज होगा समाधान

रुवि सत्र 2026-27 में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 22 अक्टूबर से पोर्टल खोलेगा। ऐसे अभ्यर्थी जिनकी सीट लाक नहीं हो सकी या किसी अन्य कारण से प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, वे इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

बरेली कालेज की मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि ऐसे सभी अभ्यर्थी, जो किसी कारणवश अपनी सीट लाॅक नहीं कर सके या जिनका प्रवेश किसी अन्य वजह से बाधित रहा और अब तक नामांकन संख्या जारी नहीं हुई है, उन्हें अंतिम अवसर दिया जा रहा है।

ऐसे विद्यार्थियों को 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कालेज के सेमिनार कक्ष में उपस्थित होने को कहा है।

यह भी पढ़ें- बहेड़ी और नवाबगंज मिलें बंद! अब इन 3 जिलों में जाएगा बरेली के किसानों का गन्ना, आवंटन जारी