MJPRU Exam Date 2026: 12 नवंबर से शुरू होंगी विषम सेमेस्टर परीक्षाएं, सिलेबस पूरा कराने लगेंगी एक्स्ट्रा क्लासेज
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 12 नवंबर से शुरू होंगी, जिसके लिए कॉलेजों को 10 नवंबर तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने जारी किया शैक्षणिक कैलेंडर, कालेजों को पालन के दिए निर्देश
अगले सप्ताह तक जारी होगी परीक्षा फार्म भरने की तिथि, 10 नवंबर तक चलेंगे प्रैक्टिकल
जागरण संवाददाता, बरेली। शैक्षणिक सत्र को पटरी पर लाने के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक की पहले, तीसरे और पांचवें (विषम) सेमेस्टर की परीक्षाएं 12 नवंबर से कराई जाएंगी। महाविद्यालयों को 10 नवंबर तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्ण करनी होंगी।अगर विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो सका है तो कालेज अपने स्तर से अतिरिक्त कक्षाएं भी लगा सकेंगे।
वहीं, परीक्षा आवेदन के लिए अगले सप्ताह तक आधिकारिक नोटिस जारी किया जा सकता है। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर 2026–27 के अनुसार संबद्ध महाविद्यालयों को समय पर पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक डाॅ. अनिल कुमार यादव ने सभी कालेजों से कहा है कि सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों का शिक्षण कार्य पूरी तरह संपन्न कराया जाए। महाविद्यालय के प्राचार्य से कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन कर शेष पाठ्यक्रम समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए।
साथ ही नियमित कक्षाओं की प्रभावी निगरानी की जाए, ताकि विद्यार्थियों की तैयारी प्रभावित न हो और विश्वविद्यालय की परीक्षाएं निर्धारित तिथि से सुचारु रूप से आयोजित की जा सकें।
अगस्त तक चले प्रवेश और आ गई परीक्षाओं की बारी
विश्वविद्यालय परिसर व कालेजों में स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया अगस्त अंत तक चली है। परीक्षाएं अगले माह से प्रस्तावित हैं, जबकि एनईपी के नियमानुसार 90 दिन तक कक्षाएं लगनी चाहिए।
जुलाई में जल्द प्रवेश लेने वाले छात्रों की कक्षाएं तब भी दो माह लग चुकी हैं, लेकिन अगस्त अंत में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम पूरा करना चुनौती लग रहा है।
ऐसे विद्यार्थियों का कहना है कि उनकी कक्षाएं एक माह भी पूर्ण रूप से नहीं लग सकीं, अब परीक्षा की बारी आ गई। इसके समाधान के लिए विवि ने अतिरिक्त कक्षाओं का सुझाव दिया गया है।
प्रवेश प्रक्रिया जारी, अटका परिणाम बन रहा परेशानी
बरेली कालेज में स्नातक तृतीय सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया जारी है, लेकिन रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परिणाम से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं असंतुष्ट हैं जो समाधान के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंच रहे हैं। इस वजह से कई विद्यार्थियों को प्रवेश लेने में परेशानी हो रही है।
गुरुवार को कालेज में 87 विद्यार्थियों ने आफलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी प्रक्रिया पूरी की। मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन करीब 10 ऐसे छात्र उनके पास पहुंच रहे हैं, जिनके परिणाम में किसी न किसी प्रकार की समस्या है।
कुछ विद्यार्थियों के एक विषय में बैक पेपर दर्शाया गया है, जबकि कुछ के आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपडेट नहीं हुए हैं। वहीं कई छात्र ऐसे भी हैं जिन्होंने सभी परीक्षाएं दीं, लेकिन पोर्टल पर उन्हें अनुपस्थित दिखाया गया।
बीसीए विभाग के एक छात्र ने बताया कि उसने सभी प्रश्नपत्र हल किए, फिर भी उसका परिणाम विश्वविद्यालय पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं हो रहा है।
ऐसे मामलों में कालेज प्रशासन छात्रों से आवेदन लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर समाधान कराने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है, ताकि किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
प्रमाण संग प्रवेश समिति से मिले छात्र
काॅलेज में प्रवेश समिति के सदस्य नए परीक्षा भवन के भूतल पर बैठकर दस्तावेज सत्यापन, शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करा रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों से अपील की, परिणाम संबंधी किसी भी त्रुटि की स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित प्रमाणों के साथ प्रवेश समिति से संपर्क करें, जिससे समय रहते विश्वविद्यालय को प्रकरण भेजकर समाधान कराया जा सके।
