मुंंबई से पुलिस के साथ वापस लौटी नाबालिग बोली- डेट ऑफ बर्थ चेंज कर लिया सिमकार्ड, बोरीवली में गुजारी रात
गायिकी से जुड़े रियलिटी शो को देख-देखकर कक्षा दसवीं की नाबालिग छात्रा के दिलो-दिमाग में गायिका बनने का ऐसा फितूर चढ़ा कि वह घर छोड़कर सीधे मुबंई पहुंच गई। ऑडिशन के बारे में लोगों से पूछती रही दो दिन बीत गए। एक महिला मिली फिर से ऑडिशन की बात पूछी।
बरेली, जेएनएन। गायिकी से जुड़े रियलिटी शो को देख-देखकर कक्षा दसवीं की नाबालिग छात्रा के दिलो-दिमाग में गायिका बनने का ऐसा फितूर चढ़ा कि वह घर छोड़कर सीधे मुबंई पहुंच गई। ऑडिशन के बारे में लोगों से पूछती रही, दो दिन बीत गए। एक महिला मिली, फिर से ऑडिशन की बात पूछी। महिला ने नाबालिग से उसकी मां का नंबर हासिल किया। फोन कर बेटी के बारे में जानकारी दी। पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद मुंबई की महिला की मदद से पुलिस नाबालिग को लेकर बरेली पहुंची। जिसके बाद यह भेद खुला।
मामला सुभाषनगर क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली एक महिला ने नौ फरवरी को नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि बेटी स्कूल में पेपर देने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद से घर नहीं लौटी। पुलिस ने स्कूल में संपर्क किया तो पता चला कि नाबालिग स्कूल ही नहीं पहुंची। नाबालिग ने बताया कि घर से वह बदायूं गई। बदायूं से वह दिल्ली निकली। दिल्ली से मुंबई जाने के लिए ट्रेन में उसने रिजर्वेशन कराया। रिर्जेवेशन के बाद वह मुंबई के लिए रवाना हो गई।
मुंबई पहुंचकर उसने रात बोरीवली स्टेशन के आस-पास गुजारी। अगली सुबह पास में होटल लिया। वहां से तैयार तैयार होकर माता के दर्शन के लिए निकली। फिर ऑडिशन के बारे में लोगाें से जानकारी करती रही। पता करते-करते वह बोरीवली स्टेशन के पास फिर पहुंची तब एक महिला ममता जोशी मिल गई। महिला से बातचीत शुरु हुई तो बड़ा ही प्यार-दुलार कर नाबालिग से घर का नंबर हासिल किया। तब जाकर घर वालों को जानकारी हो सकी।
घर से ले गई थी 23 हजार रुपये
मुंबई जाने के लिए नाबालिग ने मम्मी की तिजोरी में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए। उसके पास भी तीन हजार रुपये थे। कुल 23 हजार रुपये लेकर वह घर से निकली। मुंबई में उसका मोबाइल भी गिर गया। जिसके बाद साढ़े सात हजार रुपये का उसने मोबाइल भी खरीदा। मोबाइल के साथ रहने और खाने में उसके सारे पैसे खर्च हो गए।
नहीं मिल रहा था सिम, तो डेट आफ बर्थ कर दी चेंज
आधार कार्ड के मुताबिक, नाबालिग की उम्र 17 वर्ष थी। इसके चलते उसे सिम नहीं मिल रहा था तो उसने पेन से उम्र 18 वर्ष कर दी। इसके बाद सिम खरीद लिया।
पुलिस अंकल ! अगली बार मम्मी के साथ ही जाऊंगी
इंस्पेक्टर सुनील कुमार से भावपूर्ण मुद्रा में नाबालिग कहती है कि पुलिस अंकल! हमसे गलती हो गई है। अगली बार हम मम्मी के साथ ही मुंबई जाएंगे। मेरी आवाज ठीक है, हम खूब प्रैक्टिस करेंगे। देख लीजिएगा, हम गाायिका ही बनेंगे। नाबालिग दो बहनें हैं, दूसरी छोटी है। पिता नहीं हैं।
नाबालिग मुंबई में मिली है। गनीमत की बात यह रही कि वह किसी गलत हाथों में नहीं लगी। मुंबई की महिला ने तत्काल नाबालिग के घर सूचना दी। इसके बाद पुलिस सकुशल नाबालिग को लेकर आई।- सुनील कुमार, इंस्पेक्टर, सुभाषनगर