'जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहें मुस्लिम युवा'; बरेली में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी की अपील
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुस्लिम युवाओं से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर ...और पढ़ें

मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी
HighLights
मौलाना ने मुस्लिम युवाओं से जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहने को कहा।
पिछले प्रदर्शनों में हुई हिंसा के कारण सतर्क रहने की अपील की।
सपा द्वारा मुस्लिम प्रतिनिधित्व की अनदेखी पर जताई नाराजगी।
जागरण संवाददाता, बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने मुस्लिम युवाओं से 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में हिंसा उचित नहीं है।
मौलाना ने जारी बयान में कहा कि पिछले दिनों हुए एक प्रदर्शन के दौरान हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। उनके अनुसार, उसमें शामिल कुछ लोगों को बाद में परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने दिल्ली और आसपास के जिलों में रहने वाले युवाओं से सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अपनी बात रखने और आवाज उठाने का संवैधानिक अधिकार तभी सार्थक है, जब विरोध शांतिपूर्ण बना रहे। किसी भी प्रदर्शन में अशांति फैलने से उसके उद्देश्य को नुकसान पहुंचता है।
मौलाना ने एक अन्य बयान में समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज नथवानी को प्रत्याशी बनाए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को मुस्लिम नेतृत्व को प्रतिनिधित्व देने का अवसर मिला था। ऐसा नहीं करके पार्टी ने मुस्लिम प्रतिनिधित्व की अनदेखी की है।
