Lockdown Love : बिहार से बरेली आई फुफेरी को ममेरी बहन से हुआ प्यार, साथ रहने के लिए दोनो ने उठाया ये कदम Bareilly News
इज्जत नगर क्षेत्र निवासी एक 18 वर्षीय युवती को बचपन से लड़कों की तरह रहने की आदत है। उसकी 20 वर्षीय फुफेरी बहन की शादी बिहार के सीवान में हुई है।
बरेली, जेएनएन। लॉकडाउन में बिहार से अपने मामा के घर बरेली घूमने आई फुफेरी को ममेरी बहन से प्यार हो गया। जब परिजनों को इस बात का पता चला तो उन्होंने दोनो की कसकर डांट लगा दी। जिसके बाद दोनो ने योजना बनाई और घर से भाग निकली। इस बात का जब परिजनों को पता चला तो उन्होंने तत्काल गुमशुदगी की सूचना दी। जिस पर सक्रिय हुई पुलिस ने दोनों बहनों को लखनऊ से बरामद कर लिया है।
इज्जत नगर क्षेत्र निवासी एक 18 वर्षीय युवती को बचपन से लड़कों की तरह रहने की आदत है। उसकी 20 वर्षीय फुफेरी बहन की शादी बिहार के सीवान में हुई है। लॉकडाउन से दो दिन पहले फुफेरी बहन पति के साथ उसके घर घूमने आई। दो दिन बाद लॉकडाउन लगा तो फुफेरा जीजा घर चला गया। जबकि बहन यहीं रुक गई। इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया। दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे।
दो दिन पहले परिजनों के सामने पोल खुली तो दोनों को जमकर डांट पड़ी। जिसके बाद मौका मिलते ही फुफेरी और ममेरी बहनें फरार हो गईं। परिजनों ने गुमशुदगी की तहरीर दी। इस बीच गुरुवार देर रात इज्जतनगर पुलिस के साथ लखनऊ पुलिस ने फोन कर दोनों लड़कियों को पकड़े जाने की सूचना दी। इज्जतनगर पुलिस दोनों को थाने लेकर आई। काफी समझाने के बावजूद दोनों साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं।