LLB Admission : बरेली कॉलेज में फर्जी प्रमाण पत्रों से हुए दाखिले होंगे रद Bareilly News
बरेली कॉलेज में स्नातक और परास्नातक में प्रवेश के लिए एक हजार वेटेज प्रमाण पत्र लगाए गए। सबसे ज्यादा आरोप खेल हैंडिकैप्ड एनएसएस के प्रमाण पत्र लगाए गए हैं।
बरेली, जेएनएन : बरेली कॉलेज में फर्जी वेटेज प्रमाण पत्रों से हुए एडमिशन रद होंगे। एलएलबी में नौ फर्जी प्रमाण पत्रों की पुष्टि होने के कॉलेज प्रशासन कार्रवाई की कवायद में जुटा है। एक प्रवेश समिति गठित की जा रही है, जो इनके प्रवेश रद करने पर निर्णय लेगी।
बरेली कॉलेज में स्नातक और परास्नातक में प्रवेश के लिए एक हजार वेटेज प्रमाण पत्र लगाए गए। इसमें फिजिकल हैंडिकैप्ड, एनएसएस, एनसीसी, खेल, स्वतंत्र सेनानी आश्रित या सैन्य कोटे के प्रमाण पत्र शामिल हैं। सबसे ज्यादा आरोप खेल, हैंडिकैप्ड, एनएसएस के प्रमाण पत्र लगाए गए हैं। खासतौर से एलएलबी में। कॉलेज प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग से हैंडिकैप्ड के 27 प्रमाण पत्रों की जांच कराई। इसमें नौ फर्जी मिले। छह की जांच नहीं हुई है।
नियमित चलेगी कार्रवाई
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रमाण पत्रों की जांच जारी रहेगी। जैसे-जैसे हमें रिपोर्ट मिलती जाएगी। उसमें जो प्रमाण पत्र फर्जी मिलेंगे। प्रवेश समिति उनके प्रवेश निरस्त करने की कार्रवाई करती रहेगी।
फर्जीवाड़े में फंसे छात्रनेता
फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने में कुछ छात्रनेताओं के नाम भी सामने आए हैं। प्रमाण पत्रों की जांच न हो, इसके लिए इन्होंने तमाम जतन किए। डॉक्टरों तक सिफारिश लगवाई। मगर जिला प्रशासन की ओर से जांच के निर्देश थे। इसलिए नेताजी की सिफारिश काम नहीं आई।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट मिल गई है। नौ प्रमाण पत्र फर्जी मिले हैं। इनके विरुद्ध कार्रवाई होगी। इसके लिए समिति गठित की जा रही है। - डॉ. अजय शर्मा, प्राचार्य बरेली कॉलेज