पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज में मिला तेंदुआ का शव, सनसनी
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बराही रेंज के जंगल में सप्त सरोवर के नजदीक गुरुवार की दोपहर तेंदुआ का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।
पीलीभीत(जेएनएन)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बराही रेंज के जंगल में सप्त सरोवर के नजदीक गुरुवार की दोपहर तेंदुआ का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। तेंदुआ के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। शुरुआती छानबीन में जंगली सुअरों से संघर्ष के कारण तेंदुआ की मौत सामने आई है। बता दें कि पिछले कई दिनों से बराही रेंज के आसपास स्थित गांव में तेंदुआ की चहलकदमी जारी थी। आबादी में घुसकर तेंदुआ कई मवेशियों को अपना निवाला भी बना चुका था।
दो दिन पहले हमला बोलकर बालिका को किया था घायल
मंगलवार रात करीब नौ बजे बराही रेंज में नेपाल बार्डर के गांव सुंदरपुर में राम प्रवेश की आठ साल की पुत्री घर के बाहर लगे हैंडपंप पर पानी लेने गई थी। जहां झाडिय़ों में पहले से छिपे बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला करके बालिका के पैर दबोच लिए। बालिका के चीखने पर परिजन उस ओर दौड़ पड़े, सामने तेंदुआ देखकर सभी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर गांव के अन्य लोग भी मौके पर दौड़ पड़े। तब तेंदुआ बालिका को छोड़कर खेतों की ओर भाग खड़ा हुआ।