आंवला से अगवा मैकेनिक बदमाशों के चंगुल से छूटा
बरेली जिले के आंवला क्षेत्र से अगवा बाइक मैकेनिक गुरुवार को बदायूं में बदमाशों के बंधन से भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरेली(जेएनएन)। बरेली जिले के आंवला क्षेत्र से बुधवार को अगवा किया गया बाइक मैकेनिक गुरुवार को बदमाशों के चंगुल से किसी तरह छूट कर भाग आया। वह किसी तरह बदायूं में वजीरगंज पुलिस के पास पहुंचा और अपहरण की आपबीती बताई। पुलिस को बताया कि बोलेरो सवार चार बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया था और कछला के पास एक गांव में बंधक बनाकर रखा और उसे यातनाएं दीं। सुबह एक को छोड़कर तीन बदमाश कहीं चले गए, तब हिम्मत जुटाते हुए वह वहां से निकल गया। बदमाश ने उसका पीछा किया लेकिन कछला आते ही वह कांवड़ियों के जत्थे में शामिल होने से वह बच गया। सूचना पर आंवला पुलिस वजीरगंज थाने पहुंची और पीड़ित मैकेनिक को अपने साथ ले आई।
बरेली जिले के रामनगर निवासी राजाराम जाटव का 20 वर्षीय पुत्र सुनील बाइक मैकेनिक है। उसकी रामनगर में ही पुलिस चौकी के ठीक सामने दुकान है। बुधवार को वह बाइक के कलपुर्जे खरीदने आंवला गया था। आंवला से वापस लौटते वक्त बस स्टैंड के समीप पूर्वाह्न 11 बजे एक बोलेरो उसके पास आकर रुकी। इससे पहले कि मैकेनिक कुछ समझ पाता कि बदमाशों ने उसे गाड़ी में डाल लिया। उसके मुंह व आंखों पर टेप चिपका दिया और उसे कछला के पास एक गांव में ले गए। कमरे में बंधक बनाकर यातनाएं दीं। गुरुवार की सुबह जब एक बदमाश बचा तो पीड़ित उससे भिड़ गया और वहां से भाग निकला। पीछा कर रहे बदमाश ने ईट फेंककर मारी, जो उसके सिर में जा लगी। लहूलुहान होने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और भागते हुए वह कछला पहुंचा। वहां पहुंचते ही वह कांवड़ियों के जत्थे में घुस गया। तब जाकर बदमाश से उसका पीछा छूटा। कांवड़ियों के साथ ही वह वजीरगंज थाने तक पहुंचा। स्थानीय पुलिस ने आंवला पुलिस को इस बावत अवगत कराया और देर शाम उसे आंवला पुलिस को सौंप दिया।
--तो मैकेनिक की हत्या करने की फिराक में थे बदमाश : बकौल सुनील, बदमाशों से वह छोड़ने की गुहार करता तो बदमाश गुरुवार को उसकी हत्या करने की बात कहते थे। उसने यह भी बताया कि बदमाश आपस में किसी से पैसा आने की भी बात करते।
--शरीर पर पिटाई के निशान दे रहे गवाही : बदमाशों ने अगवा करने के बाद सुनील की बेरहमी से पिटाई लगाई थी। उसके पूरे जिस्म पर पिटाई के निशान इसकी गवाही दे रहे थे। सिर में चोट लगने से भी वह लहूलुहान था।
झूठे केस में फंसाने के मकसद से रचा ड्रामा : कोतवाली निरीक्षक आंवला पंकज वर्मा का कहना है कि सुनील का भाई एक लड़की को लेकर भाग गया था। लड़की पक्ष से रंजिश चल रही है। उनको केस में झूठा फंसाने के मकसद से ही यह ड्रामा रचा गया है। जल्द ही पुलिस इस झूठ को बेनकाब कर देगी।