दुस्साहस: आइवीआरआइ की महिला वैज्ञानिक के घर दिनदहाड़े लाखों की चोरी Bareilly News
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) की महिला साइंटिस्ट के महानगर स्थित घर में दिनदहाड़े चोर घुस गए।
जेएनएन, बरेली : भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) की महिला साइंटिस्ट के महानगर स्थित घर में दिनदहाड़े चोर घुस गए। यहां से करीब ढाई-तीन लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो चोर दिख रहे हैं लेकिन उनके चेहरे साफ नहीं हैं।
आइवीआरआइ की महिला वैज्ञानिक डॉ. रंजना गुप्ता उत्सव महानगर के फ्लैट नंबर 54 ए-3 में रहती हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह दस बजे वह आफिस गईं थीं। शाम को छह बजे जब वह घर लौटी तो देखा कि मेन गेट के अंदर कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरों की लाइट जल रही थी, पंखे चल रहे थे। अलमारी खुली हुई थी।
उसमें रखे जेवर व करीब आठ हजार रुपये गायब थे। यूपी-100 के आने के बाद इज्जतनगर थाने की पुलिस भी आ गई। छानबीन में पता चला कि चोर चाहरदीवारी कूदकर अंदर आए और खिड़की की ग्रिल उखाड़ कर अंदर घुस गए। जाते समय चोर कमरे का मुख्य दरवाजा खोलकर गए हैं। घटना की तहरीर इज्जतनगर पुलिस को दे दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो चोर
डॉ. रंजना ने बताया कि पास में ही सीसीटीवी कैमरा लगा है। यहां से उनके घर का दरवाजा कवर होता है। पुलिस ने जब फुटेज देखे तो दो युवक दिखे। इन लोगों ने चेहरे पर सफेद रुमाल बांध रखा था। दोनों 11.20 बजे घर में दाखिल हुए तथा 1.35 बजे बाहर निकले हैं। फुटेज से चोरों के चेहरे साफ नहीं हो पा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप