विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IVRI बरेली में 25 हजार स्टाइपेंड के लिए भूख हड़ताल: छात्रा की बिगड़ी तबीयत, ABVP ने केंद्रीय कृषि मंत्री से मांगी मदद

Published: Wed, 14 Oct 2026 05:05 PM (IST)

आइवीआरआइ बरेली में इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र भूख हड़ताल पर हैं, एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने ...और पढ़ें

भूख हड़ताल करते हुए विद्यार्थी और अस्पताल में भर्ती छात्रा  सौ. छात्र

भूख हड़ताल करते हुए विद्यार्थी और अस्पताल में भर्ती छात्रा सौ. छात्र 

HighLights

  1. आइवीआरआइ में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, बीवीएससी एवं एएच छात्रों का आंदोलन जारी

जागरण संवाददाता, बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहा बीवीएससी एवं एएच विद्यार्थियों का आंदोलन अब भूख हड़ताल में बदल चुका है। मंगलवार शाम एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया।

वहीं, अधिकारियों के साथ बातचीत के दौर के बाद भी लिखित आश्वासन नहीं मिलने से नाराज विद्यार्थियों ने धरना जारी रखा है। गौरतलब है कि विद्यार्थियों की मांग है कि इंटर्नशिप की पूरी 12 महीने की अवधि के दौरान उन्हें 25 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाए।

विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जांच में पता चला कि उसका ब्लड ग्लूकोज लेवल 40 पहुंच गया।

ऐसे में सहपाठियों ने 108 पर काल करके एंबुलेंस बुलाई, लेकिन आइवीआरआइ के अधिकारियों ने परिसर के अस्पताल में छात्रा को भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। मेडिकल टीम तैनात करने का आश्वासन दिया गया।

एबीवीपी ने केंद्रीय कृषि मंत्री को लिखा पत्र

उप्र पशु चिकित्सा संघ के अध्यक्ष डा. मनोज कुमार धरना स्थल पर पहुंचे, समस्याएं सुनीं। छात्रों को संबंधित क्षेत्राधिकार के उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने की सलाह दी।

वहीं, आइवीआरआइ में चल रहे प्रदर्शन को लेकर एबीवीपी के महानगर सहमंत्री आयुष शर्मा ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी को मांग-पत्र भेजा है।

इसमें बीवीएससी व एएच पाठ्यक्रम के साढ़े चार वर्ष के शैक्षणिक अध्ययन के बाद 12 माह की अनिवार्य इंटर्नशिप से संबंधित विषय सहित विद्यार्थियों की अन्य प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। इस संबंध में आइवीआरआइ के अधिकारियों से वार्ता करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।

यह भी पढ़ें- बरेली की बेटी का विदेश में डंका: मलेशिया में 2 गोल्ड जीतकर लौटीं रिदम शर्मा, ढोल-नगाड़ों के साथ निकला विजय जुलूस