IVRI Bareilly: ₹3000 के स्टाइपेंड पर छात्रों का गुस्सा फूटा, 25 हजार प्रति माह की मांग को लेकर धरना
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) बरेली के 100 से अधिक छात्र इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन ...और पढ़ें
HighLights
मुख्य परिसर स्थित माइलस्टोन क्षेत्र के पास एकत्र होकर की नारेबाजी
जागरण संवाददाता, बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) के 100 से अधिक बीवीएससी एवं एएच के विद्यार्थियों ने सोमवार को अनिवार्य इंटर्नशिप के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू किया। विद्यार्थियों ने मुख्य परिसर स्थित माइलस्टोन क्षेत्र के पास एकत्र होकर अपनी मांगें उठाईं।
उनका कहना है कि वर्तमान में इंटर्नशिप के दौरान महज 3000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, वह भी छह माह के लिए, जबकि अनिवार्य रोटेटिंग इंटर्नशिप की अवधि 12 माह है। विद्यार्थियों ने मांग की है कि पूरे 12 माह की अनिवार्य इंटर्नशिप अवधि के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाए।
इसके साथ ही अन्य पशु चिकित्सा संस्थानों में दिए जा रहे इंटर्नशिप स्टाइपेंड की तुलना में आईवीआरआई में मिलने वाली राशि के अंतर की समीक्षा करने की मांग भी की गई है। विद्यार्थियों ने स्टाइपेंड की व्यवस्था और इसके लिए मिलने वाले फंड को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
पहले भी उठा चुके मुद्दा
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना है कि इस मुद्दे को पूर्व में भी संस्थान और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है। इसलिए उन्होंने अधिकारियों से लिखित और समयबद्ध जवाब देने की मांग की है।
छात्रों ने कहा, आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाओं, आपातकालीन उपचार और मरीजों की देखभाल में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देंगे। उनका कहना है कि आंदोलन आईवीआरआई या पशु चिकित्सा शिक्षा के विरोध में नहीं है।
वे संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे क्लीनिकल प्रशिक्षण और व्यावसायिक अनुभव को महत्वपूर्ण मानते हैं, लेकिन इंटर्नशिप के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड चाहते हैं।
ये हैं मुख्य मांग
विद्यार्थियों के अनुसार, उनकी व्यावसायिक परीक्षाएं इसी माह के अंत में प्रस्तावित हैं। इसके बाद वे अनिवार्य इंटर्नशिप में प्रवेश करेंगे। ऐसे में उन्होंने इंटर्नशिप शुरू होने से पहले अपनी मांग को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया है।
विद्यार्थियों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देने और लिखित, समयबद्ध समाधान की मांग करने की बात कही है। उनकी मुख्य मांग 12 माह के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड है।
यह भी पढ़ें- बरेली में बड़ी कार्रवाई: 7.27 लाख का गबन पड़ा भारी, जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान ज्ञानो शर्मा को पद से हटाया
