UP Independence Day Launching: सीएआरआइ का मोबाइल एप किसानों को देगा ये जानकारी
अब किसानों को मुर्गी पालन से लेकर उसकी दवाएं नस्लों की जानकारी सहित सभी जानकारी चंद मिनट में मिलेंगी। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआइ) ने इसके लिए मोबाइल एप तैयार किया है
बरेली, जेएनएन। अब किसानों को मुर्गी पालन से लेकर उसकी दवाएं, नस्लों की जानकारी सहित सभी जानकारी चंद मिनट में मिलेंगी। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआइ) ने इसके लिए मोबाइल एप तैयार किया है। जिसकी लांचिंग 15 अगस्त को करने की तैयारी है।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक संजीव कुमार ने बताया कि सीएआरआइ देश के बड़े संस्थानों में गिना जाता है। यहां मुर्गियों, गिनीफाउल सहित कई पक्षियों पर बड़े स्तर पर शोध किया जाता है। साथ ही इसके पालन के लिए किसानों को प्रशिक्षण सहित तमाम जानकारियां दी जाती हैं। किसानों को संस्थान में बुलाने के साथ अधिकारी भी उनके पास तक जाते हैं।
लेकिन अब उन्हें यह सभी जानकारियां मोबाइल एप से आसानी से मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि ज्यादतार किसानों के पास एंड्रायड फोन है। उन्हें यह एप डाउनलोड करना होगा। जिसके बाद मुर्गी पालन, उनसे जुड़ी दवाएं, उनका आहार, मैनेजमेंट, नस्लों, चूजों की बिक्री सहित तमाम उपलब्ध रहेंगी। इस पर संबंधित लोगों के मोबाइल नंबर भी दिए जाएंगे ताकि कोई दिक्कत होने पर पूछ सकें। इसके अलावा ई-पेमेंट की सुविधा भी इस पर रहेगी।