शहर में दौड़ी आयकर टीमें, मैरिज हॉल मालिक सहमे Bareilly News
सभी में जांच शुरू कर दी। कागजात जब्त कर दिए। वहां बने रेस्टोरेंट का हिसाब-किताब भी देखा। आय-व्यय के रिकॉर्ड चेक किया।
बरेली, जेएनएन : टैक्स चोरी के अंदेशे में आयकर विभाग ने एक बार फिर टीमें दौड़ाईं। शहर के सात मैरिज हॉल में सर्वे किया। अधिकारियों के अनुसार, शुरूआती जांच में गड़बडिय़ां मिली हैं। रिकॉर्ड जब्त कर देर रात तक इन सभी प्रतिष्ठानों में जांच की जाती रही। इनमें दो मैरिज हॉल एक ही व्यक्ति के हैं।
आयकर विभाग के अपर आयुक्त विजय बोरा और एसबी सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की छह टीमों ने सात स्थानों पर सर्वे शुरू किया। चार टीमें एक साथ पीलीभीत बाईपास स्थित चार मैरिज हॉल में पहुंचीं। सभी में जांच शुरू कर दी। कागजात जब्त कर दिए। वहां बने रेस्टोरेंट का हिसाब-किताब भी देखा। आय-व्यय के रिकॉर्ड चेक किया।
जबकि दूसरी टीम ने डोहरा रोड स्थित मैरिज हॉल और उसके एक निर्माणाधीन हॉल को भी चेक किया। टीम ने वहां के भी दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच की। अधिकारियों की अन्य टीम ने मिनी बाईपास स्थित एक मैरिज हॉल को भी चेक किया। देर रात तक अधिकारी दस्तावेजों की जांच करते रहे। अधिकारियों के मुताबिक, सभी जगह गड़बडिय़ां पाई गई हैं। संचालकों ने बड़ा निवेश किया है। मगर हिसाब-किताब साफ नहीं है।
अन्य बरात घर और होटल पर निगाह
प्रधान आयकर आयुक्त शिशिर अग्रवाल ने बताया कि जांच अभी चल रही है, सभी जगह से अच्छे रिजल्ट मिले हैं। जांच के बाद टैक्स और जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा भी अन्य बरात घर, कैटरर्स, होटल वाले विभाग की निगाह पर है।