Bareilly News: पुलिस ने कर दिया खेल, सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों का शांतिभंग में चालान
सुभाषनगर निवासी महिला ने बताया कि गांव के ही रहने वाले ओम प्रकाश सोनपाल कल्लू से उसकी रंजिश चल रही है। 25 अप्रैल की रात ओम प्रकाश का बेटा टिंकू गांव के विजय और संजू शराब के नशे में घर के गेट पर खड़े होकर गाली देने लगे।
बरेली, जेएनएन। एक महिला ने सुभाषनगर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर छोड़ दिया। महिला की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई। एसएसपी के आदेश के बाद आरोपितों के विरुद्ध जैसे-तैसे सामूहिक दुष्कर्म, बलवा, पथराव व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की लेकिन, गिरफ्तारी नहीं की। सभी छह आरोपित टिंकू, विजय, संजू, ओमप्रकाश, सोनपाल, कल्लू फरार हैं।
महिला सुभाषनगर की रहने वाली है। उसने बताया कि गांव के ही रहने वाले ओम प्रकाश, सोनपाल, कल्लू से उसकी रंजिश चल रही है। 25 अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे ओम प्रकाश का बेटा टिंकू, गांव के विजय और संजू शराब के नशे में घर के गेट पर खड़े होकर गाली देने लगे। इस दौरान वह घर पर अकेली थी। आरोपितों की हरकत का विरोध किया तो सभी घर में घुस आए और लाठी-डंडो से पीटना शुरु कर दिया। कमरे में बंद कर लिया और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। बचने के लिए चिल्लाई तो आस-पास के लोग आ गए। इसी दौरान किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी।
आरोप है कि सुभाषनगर पुलिस ने कार्रवाई के बजाय मामले में लीपापोती शुरू कर दी। महिला से अगले दिन सुबह आने की बात कही। आरोपितों का शांतिभंग में चालान कर छोड़ दिया। आरोप है इससे आरोपितों का दुस्साहस बढ़ गया। उसके घर पर पत्थर फेंके गए। उसने फिर थाना पुलिस से शिकायत की। कार्रवाई के बजाय फिर टालमटोल किया जाने लगा। इस पर महिला एसएसपी के पास पहुंची। आपबीती सुनाई, तब जाकर आरोपितों पर सुभाषनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस का तर्क - बयान दर्ज कराने नहीं आ रही है महिला: इस मामले में इंस्पेक्टर सुभाषनगर सुनील अहलावत ने बताया कि महिला ने जो तहरीर दी है, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बयान के लिए उससे कई बार संपर्क किया गया लेकिन, वह टालमटोल कर रही है। बयान दर्ज नहीं करा रही है। आरोपितों के शांतिभंग में चालान की जानकारी से उन्होंने इन्कार किया।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कहा कि पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश हैं। यदि लापरवाही हुई है तो जानकारी कराकर संबंधित पर कार्रवाई कराई जाएगी।