वेटरंस डे : शौर्य और वतनपरस्ती के जज्बे को दिया सम्मान Bareilly News
जाट रेजीमेंट सेंटर के बीटी ग्राउंड में मंगलवार को अलग ही ऊर्जा थी। यह ऊर्जा थी उन पूर्व सैनिकों की शौर्य गाथा की जिन्होंने देश की सरहदों की हिफाजत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जेएनएन, बरेली : जाट रेजीमेंट सेंटर के बीटी ग्राउंड में मंगलवार को अलग ही ऊर्जा थी। यह ऊर्जा थी उन पूर्व सैनिकों की शौर्य गाथा की, जिन्होंने देश की सरहदों की हिफाजत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन वीर नारियों की उपस्थिति की जिनके जीवनसाथी ने सर्वोच्च बलिदान दिया। मौका था वेटरंस डे का। थल, वायु और नेवी के पूर्व सेनानियों, वीरनारियों को के इनके पराक्रम और वतनपरस्ती के जज्बे को सम्मानित से नवाजा गया।
उत्तर भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती, बिथरी चैनपुर के विधायक राजेश मिश्र (पप्पू भरतौल) और आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की जोनल प्रेसिडेंट मामून मोहंती ने वीर नारियों को सम्मानित किया। शौर्य चक्र और सेना मेडल से अलंकृत वेटरंस का भी सम्मान हुआ।
वयोवृद्ध वेटरंस को कंबल और दो दिव्यांग आश्रितों को व्हीलचेयर भेंट की गई। जीओसी सीपी मोहंती ने अपने संबोधन में शहीदों को नमन किया और उनकी विधवाओं और आश्रितों को राष्ट्र की सेवा करने के लिए धन्यवाद किया। थल, वायु और नेवी तीनों सेनाओं के पूर्व सैनिक व परिवार उपस्थित थे।
इन्हें किया गया सम्मानित
वीर नारियां : छोटी देवी, फूला देवी, अवतार कली, प्रेम लता, लीलावती, सुहागा देवी, ऊषा देवी, नीलम, मीरा शर्मा, सुशीला देवी, सुनीता देवी, सुनीता शर्मा
वयोवृद्ध वेटरंस : बलवंत सिंह, देव दत्त शर्मा, घामेंदर सिंह, प्रेम लाल
गैलेंट्री अवार्ड : टीए सिद्दीकी, गंगा सहाय, सुरेश पाल
इस दिन रिटायर हुए थे पहले फील्ड मार्शल : वेटरंस डे भारतीय सेना के पहले कमांडर इन चीफ केएम करिअप्पा के 14 जनवरी 1953 को सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
एनएचएआइ को पत्र लिखेंगे पूर्व सैनिक : पूर्व सैनिक पुनर्मिलन के दौरान वेटरंस ने मांग उठाई कि सेना में रहते टोल प्लाजा पर शुल्क नहीं देना पड़ता। वेटरंस को यह सुविधा नहीं है। इस पर सेना के अफसर एनएचएआइ को पत्र लिखेंगे। साथ ही वेटरन अब सेना की किसी भी कैंटीन से सुविधा ले सकेंगे।
अतिरिक्त, चिकित्सा में बिना रेफरल के भी इलाज करवाया जा सकेगा। सेना के अफसरों ने आश्वस्त किया कि दिव्यांग आश्रितों को सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। रिकॉर्ड, पेंशन, चिकित्सा संबंधी ऑफिस के कैंप लगाकर सुविधाओं की जानकारी दी।