Holi Alert 2021 News : होली पर शाहजहांपुर में डीजीपी करेंगे लाट साहब की मॉनीटरिंग
होली पर शाहजहांपुर में निकलने वाले लाट साहब के जुलूस की पुलिस ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। पैदल मार्च से लेकर थाना व मुहल्लों में पीस कमेटी की बैठकें भी हो रही है। धार्मिक स्थलों को पॉलीथिन से ढकने के अलावा वहां बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है।
बरेली, जेएनएन। होली पर शाहजहांपुर में निकलने वाले लाट साहब के जुलूस की पुलिस ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। पैदल मार्च से लेकर थाना व मुहल्लों में पीस कमेटी की बैठकें भी हो रही है। धार्मिक स्थलों को पॉलीथिन से ढकने के अलावा वहां बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। इन व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग स्वयं डीजीपी हितेश अवस्थी भी कर रहे है। गुरुवार को भी उन्होंने एसपी एस आनंद से फोन पर लाट साहब के जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
इसके अलावा मंडलायुक्त आर रमेश, एडीजी जोन अविनाश चंद्र व आइजी राजेश कुमार पांडेय भी जिले में कई बार बैठकें कर जुलूस की व्यवस्थाएं देख चुके है। जिले में छोटे-बड़े 10 जुलूस निकाले जाते है। जिसमे आठ शहर व एक-एक पुवायां व कांट थाना क्षेत्र में निकाला जाता है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी लगभग 2700 जवानों पर रहेगी। दोनों जुलूस के लिए शहर को तीन जोन व 13 सेक्टर में बांटा गया है।
- 10 जुलूस जिले में निकलते है।
- 8 शहर व 1-1 पुवायां व कांट में
- 3 जोन में शहर में बनाए गए है।
- 13 सेक्टर शहर में बनाए गए है।
- 7 सात सेक्टर बड़े व छह छोटे लाट साहब के लिए
- 2 एएसपी संभालेंगे जुलूस की जिम्मेदारी
- 8 सीओ की ड्यूटी भी जुलूस में रहेगी।
- 5 सीओ जोन से मांगे गए है।
- 1500 पुलिसकर्मियों की लगाई जा रही ड्यूटी।
- 1200 होमगार्डों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
- 200 एसपीओ नियुक्त किए गए है।
- 2747 स्थानों पर जिले में होता है होलिका दहन।
- 4 कंपनी आरएफ व पीएसी की ड्यूटी रहेगी।
- 100 जवान एक कंपनी में रहते है।
होली पर पर्याप्त पुलिस फोर्स लगाया जा रहा है। बदायूं, पीलीभीत व बरेली से पुलिस फोर्स आ चुका है। एक कंपनी आरएफ भी आ चुकी है। इसके अलावा जोन के अन्य जिलों से भी 28 मार्च से पहले फोर्स आ जाएगा। अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्हें मुचलकों में भी पाबंद किया जा रहा है। - संजय कुमार, एएसपी सिटी