घूंघट में धोखा : देखा था बड़ी को आई छोटी बहन और अब वो भी फरार Bareilly News
एक युवक घूंघट के धोखे का शिकार हुआ। रिश्ते के लिए बड़ी बहन दिखाई गई। शादी कर घर में पत्नी का घूंघट उठाया तो छोटी बहन निकली। चार माह बाद वह भी जेवर और नकदी समेटकर नौ दो ग्यारह हो गई।
बरेली, जेएनएन : धोखा जमीन, जेवर, रुपये का तो खूब सुना, देखा होगा। एक युवक घूंघट के धोखे का शिकार हुआ। रिश्ते के लिए बड़ी बहन दिखाई गई। शादी कर घर में पत्नी का घूंघट उठाया तो छोटी बहन निकली। चार माह बाद वह भी जेवर और नकदी समेटकर नौ दो ग्यारह हो गई। सोमवार को युवक पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा तो वहां उसे ही बंधक बनाकर पीटा। पीड़ित ने मंगलवार को एसएसपी दफ्तर में शिकायत की।
इस धोखेबाजी का शिकार हुआ युवक बदायूं के उसैत का निवासी है। उसकी कस्बे में दुकान है। दिसंबर 2018 में उसकी शादी भोजीपुरा निवासी एक परिवार की बेटी से हुई थी। युवक का आरोप है कि बड़ी बेटी से रिश्ता तय हुआ था। शादी के जोड़े में जिसके साथ सात फेरे लिए वह छोटी बहन निकली। शादी हो जाने और बदनामी न हो इसलिए उसे ही पत्नी स्वीकार किया। पत्नी गर्भवती हुई तो ससुराल वालों ने इतनी जल्दी मां बनने का विरोध कर गर्भपात करा दिया।
शादी का बहाना कर ले गए, रचा दिया दूसरा ब्याह
युवक ने बताया, शादी के चार माह बाद ससुराली घर आए। रिश्तेदार की शादी में ले जाने के बहाने पत्नी को ले गए। वह नकदी व जेवर भी ले गई। कई महीने न आने पर ससुराल पहुंचे तो बताया कि बेटी की मर्जी से उसकी दूसरी जगह शादी कर दी। इस पर एतराज जताने पर उसे ही बंधक बनाकर पीटा।
युवक ने शिकायत दी है। भोजीपुरा पुलिस को जांच के लिए कहा है। दोषी निकलने पर आरोपितों पर कार्रवाई होगी। - सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी ट्रैफिक