Grasshopper Attack Alert : हवा का रुख तय करेगा बरेली मंडल में टिड्डी दल का प्रवेश Bareilly News
बरेली मंडल में टिड्डी दल का प्रवेश अब हवा के रुख पर निर्भर है। दरअसल हवा का रुख बदलने पर ही टिड्डी दल के बरेली मंडल में प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है।
बरेली, जेएनएन। राजस्थान, पंजाब व हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में टिड्डी दल का प्रकोप चल रहा है। उनका कारवां बुंदेलखंड के साथ ही आगरा में भी प्रवेश कर चुका है। बरेली मंडल में टिड्डी दल का प्रवेश अब हवा के रुख पर निर्भर है। दरअसल हवा का रुख बदलने पर ही टिड्डी दल के बरेली मंडल में प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है। बुधवार तक यह दल आगरा में दाखिल होने की जानकारी हुई है। बारिश होने पर भी यह दल रुक जाता है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह बताते हैं कि टिड्डी सुबह से शाम तक सफर करती हैं। वे करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ती हैं। यह एक दिन में करीब 150 किलोमीटर की दूरी तय कर लेती हैं। अंधेरा होते ही ये दल रुक जाता है। इस बार टिड्डियां समय से पहले आई हैं। वैसे जून में इनका हमला होता है, मगर शुष्क मौसम के कारण ये पहले आ गई हैं और अधिक ताकतवर बताई जा रहीं हैं।
मक्का, उड़द व मूंग की फसल पर खतरा
कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि टिड्डी दल के आने पर सबसे अधिक नुकसान मक्का, उरद व मूंग की फसल को हो सकता है। उन्होंने बताया कि टिड्डियां इस वर्ष तीन दल में आई हैं। तीसरा दल आगरा की ओर है। दिशा बदलने पर यह एटा होते हुए बरेली मंडल की ओर आ सकता है।