चार घंटे का मेगा ब्लॉक, यात्री रहे बेहाल Bareilly News
पूछताछ काउंटर पर यात्रियों की भीड़ जमा हुई तो वह अपनी-अपनी ट्रेनों का टाइम पूछते रहे। मेगा ब्लॉक हटने के बाद शाम पांच बजे तक कोई ट्रेन जंक्शन पर नहीं पहुंची।
बरेली, जेएनएन : रेलवे ट्रैक मेंटीनेंस के कार्य पूरे करने के लिए चार घंटे का मेगा ब्लॉक लिया गया। इस दौरान त्रिवेणी और जननायक एक्सप्रेस प्रभावित हुईं जिससे दिल्ली और लखनऊ जाने वाले यात्री जंक्शन पर भटकते रहे।
सोमवार को आलमनगर से मुरादाबाद तक रेलवे ट्रैक के मरम्मत कार्य के चलते सुबह नौ बजे से मेगा ब्लॉक लिया जाना था लेकिन, समय में परिवर्तन किया गया और साढ़े 12 बजे से मेगा ब्लॉक लिया गया। इस तरह से 12:50 पर आने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस और जननायक एक्सप्रेस डेढ़ बजे आनी थी जो प्रभावित हुईं। मेगा ब्लॉक के चलते ट्रेन के तय समय से पहले ही जंक्शन पहुंचे यात्री मेगा ब्लॉक की जानकारी होते ही परेशान हो उठे।
पूछताछ काउंटर पर यात्रियों की भीड़ जमा हुई तो वह अपनी-अपनी ट्रेनों का टाइम पूछते रहे। मेगा ब्लॉक हटने के बाद शाम पांच बजे तक कोई ट्रेन जंक्शन पर नहीं पहुंची। इससे यात्रियों की संख्या बढ़ती रही और जंक्शन पर पैर रखने को भी जगह नहीं बची। सवा पांच बजे त्रिवेणी आई तो उसके बाद जननायक ट्रेन जंक्शन पहुंची। तब यात्री धक्कामुक्की करते हुए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
ट्रेन में बेटिकटों से वसूले 1.79 लाख
ट्रेनों में बगैर टिकट चल रहे यात्रियों पर कानूनी शिकंजा कसा गया। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के कॉमर्शियल विभाग की टीम ने बरेली जंक्शन पर अभियान चलाते हुए 1.78 लाख रुपये वसूले। आठ ट्रेनों के अलावा प्लेटफार्मो पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान यात्रियों में खलबली मची रही। सोमवार को सुबह करीब छह बजे सीआइटी डिवीजन प्रवीण खन्ना, सीआइटी रेड बीए खान के नेतृत्व में टीम ने जंक्शन पर ट्रेनों में चेकिंग शुरू की। दस ट्रेनों में 415 यात्री पकड़े गए। उनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। पंजाब मेल, सियालदाह एक्सप्रेस, लुधियाना एक्सप्रेस ट्रेनों में सबसे ज्यादा बगैर टिकट यात्री पकड़े गए।
लखनऊ से वापस हो गई बरेली-बनारस
मेगा ब्लॉक की वजह से अप लाइन की बरेली बनारस को लखनऊ से ही वापस कर दिया गया। जिस वजह से हरदोई, रोजा, शाहजहांपुर, बरेली आदि को जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं सीतापुर पैसेंजर रोजा जंक्शन से ही वापस चली गई।
बेटिकट यात्रियों के खिलाफ अभियान की शुरूआत की गई है। बरेली जंक्शन पर दस ट्रेनों में 415 लोग बगैर टिकट यात्र करते पकड़े गए। उनसे 1.79 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। रोजाना अभियान चलाया जाएगा। - बीए खान, सीआइटी रेड
हमें कलकत्ता जाना है, तीन घंटे से ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर ही बैठे हैं। काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। - लईक अहमद, यात्री
लखनऊ तक जाने के लिए एक बजे ही स्टेशन पर आ गए थे। पता चला कि ट्रेन मेगा ब्लॉक के चलते कई घंटे लेट है। - नवी अहमद, यात्री
हमें जानकारी नहीं थी कि मेगा ब्लॉक लिया गया है। जल्दी में हरदोई जाना था ऐसे में ट्रेन काफी लेट हुई है। पिछले चार घंटे से इंतजार कर रहे हैं। - पंकज सिंह, हरदोई
मेगा ब्लॉक के चलते ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। यह बात स्टेशन पर आकर ही पता चली। काफी देर से इंतजार में बैठे हैं। - डॉ. सौरभ कुमार यात्री
ट्रैक मेंटीनेंस की वजह से साढ़े 12 बजे से साढ़े चार बजे तक ब्लॉक लिया गया है। इस वजह से त्रिवेणी और जननायक प्रभावित हुई हैं। - सत्यवीर सिंह, स्टेशन अधीक्षक