बूथ सम्मेलन में अलीगढ़ गए पांच भाजपाई हादसे में घायल
भाजपा के अलीगढ़ में हुए बूथ सम्मेलन में गए पांच भाजपाई सड़क हादसे
जागरण संवाददाता, बरेली: भाजपा के अलीगढ़ में हुए बूथ सम्मेलन में गए पांच भाजपाई सड़क हादसे में घायल हुए हैं। ये लोग खाना खाने निकले। वापसी में मथुरा रोड पर गाड़ी मोड़ते समय ट्रैक्टर से टक्कर हुई। गाड़ी में महानगर मंत्री अरुण कश्यप, नगर निगम में पार्षद दल के उपनेता छंगामल मौर्या, पूर्व पार्षद होरीलाल प्रजापति, महामंत्री राजबहादुर सक्सेना, कार्यालय सहमंत्री अजय रत्नाकर को चोटें आई हैं। इनमें अरुण कश्यप और छंगामल मौर्य की स्थिति गंभीर है। हादसे की सूचना पर पार्टी पदाधिकारी तुरंत सीएचसी पहुंचे। केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार और उप्र के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल भी लगातार संपर्क में हैं।
महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने बताया कि बरेली से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अलीगढ़ गए थे। सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने से पहले ये लोग खाना खाने की बात कहकर बाहर निकले। साथ मौजूद अनुसूचित मोर्चा के उपाध्यक्ष अजय बर्मन ने बताया कि ढाबे की तलाश में मथुरा रोड तक निकल गए। वापसी में गाड़ी मोड़ते समय सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गए, जिसमें महानगर मंत्री अरुण कश्यप, नगर निगम में पार्षद दल के उपनेता छंगामल मौर्या सिर में चोटें लगने से गंभीर हैं। पूर्व पार्षद होरीलाल प्रजापति के पैर में फ्रैक्चर है। महामंत्री राजबहादुर सक्सेना के सीने में चोट लगी है। कार्यालय सहमंत्री अजय रत्नाकर के सिर में गुम चोटें हैं। हादसे की सूचना पर महानगर अध्यक्ष समेत पुष्पेंदु शर्मा आदि मौके पर पहुंचे।
शहर के रामगंगा अस्पताल में कराएंगे भर्ती
महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा ने बताया कि सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को रेफर करा लिया है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को शहर के बदायूं रोड स्थित रामगंगा अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।