शाहजहांपुर में टायलेट गंदा होने पर ससुर ने कुल्हाडी से वारकर की बहू की हत्या
शौचालय में गंदगी पड़ी होने पर गुरुवार दोपहर ससुर-बहू के बीच विवाद हो गया। इसके बाद ससुर ने कुल्हाड़ी से गर्दन व सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
शाहजहांपुर, जेएनएन। शौचालय में गंदगी पड़ी होने पर गुरुवार दोपहर ससुर-बहू के बीच विवाद हो गया। इसके बाद ससुर ने कुल्हाड़ी से गर्दन व सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। वहीं मृतका के पिता ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। सदर थाना क्षेत्र के मामूड़ी मुहल्ला निवासी मोहम्मद वसीम उर्फ बबलू अपने पिता इश्तियाक से अलग रहता है।
वसीम की पत्नी गुलशन जहां ने बेटी अलीना को शौच कराया था। इसके बाद उसे साफ करने में कुछ देरी हुई तो इश्तियाक ने उससे नाराजगी जताई। जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर घर में रखी कुल्हाड़ी से इश्तियाक ने पहले सिर बाद में गर्दन पर प्रहार कर दिया। शोर सुनकर मौके पर अन्य परिजन पहुंच गए। जिसके बाद वह भाग गया।
गंभीर अवस्था में परिजन गुलशन को पहले मेडिकल कॉलेज लेकर जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ या बरेली ले जाने की सलाह दी। इसके बाद प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां भी डॉक्टर ने इलाज करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद वापस मेडिकल कॉलेज पहुंचे जो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर सीओ सिटी प्रवीण कुमार व प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल सिंह पहले घटना स्थल बाद में मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
पत्नी की मौत से घंटों अंजान रहा वसीम राजमस्त्री है। गुरुवार सुबह खाना खाने के बाद काम पर चला गया। दोपहर विवाद होने के करीब दो घंटे बाद घटना की जानकारी उसे लगी। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज पहुंचा।
अक्सर होता था विवाद
तीन-चार सालों से इश्तियाक व गुलशन का अलग-अलग खाना बन रहा था। लेकिन उसके बावजूद अक्सर दोनों के बीच में विवाद होता रहता था। कई बार वसीम ने दोनों लोगों को समझाने का भी प्रयास किया।
पहले भी कई बार कर चुका पिटाई
रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि शादी के बाद कई बार बेटी के साथ इश्तियाक मारपीट कर चुका था। दहेज के लिए भी अक्सर दबाव बनाता रहता था।
हत्यारोपित को गिरफ्तार करने के लिए दो टीमें लगी है। कई जगह दबिश भी दी गई है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।प्रवीण कुमार, सीओ सिटी