राहत की जगह आफत! अधूरा रेलवे ओवरब्रिज बना मुसीबत, रोजाना जाम और धूल झेलने को मजबूर लोग
फतेहगंज पूर्वी में अधूरा रेलवे ओवरब्रिज छह माह से अधिक समय से लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। इसके ...और पढ़ें

एआई इमेज
संवाद सूत्र, फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। नगर में बन रहा रेलवे ओवरब्रिज राहत के बजाय लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। छह माह से अधिक समय बीतने के बाद भी निर्माण पूरा नहीं हुआ है।
धीमी गति से चल रहे काम, सड़क के गड्ढों और अव्यवस्थित आवागमन के चलते लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे फाटक बंद होने या ट्रेन गुजरने के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
सीमित जगह और खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों, स्कूल वैन और भारी वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। जाम के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में देर होती है। सड़क किनारे धूल का गुबार बना रहता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
बारिश में गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। कीचड़ और फिसलन से दोपहिया वाहन चालकों तथा पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। इससे यातायात और धीमा होकर जाम बढ़ जाता है।
निर्माण में देरी से विद्यार्थियों को रोजाना जाम और खराब रास्ते की समस्या झेलनी पड़ रही है। काम में तेजी लाई जाए। - अनुज मिश्रा
जाम से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ग्राहकों तथा व्यापारियों को आने-जाने में दिक्कत होती है। - बबलू अंसारी
गड्ढों, कीचड़ और कतारें लगने की वजह से लोगों का समय बर्बाद हो रहा है। - रवि गुप्ता
सुरक्षित व सुचारु आवागमन के साथ बारिश में जलभराव और फिसलन से बचाव की व्यवस्था हो। - विवेक मिश्रा
यह भी पढ़ें- सऊदी में फ्लाइट्स निरस्त होने से फंसे 660 उमराह यात्री, बरेली लौटे आठ लोगों ने बताए वहां के हालात
