बरेली में नकली खाद का 'मुरादाबाद कनेक्शन': ढाई साल से आंखों में झोंक रहे थे धूल, ऐसे हुआ भंडाफोड़
बरेली के हरुनगला में एक नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। यह अवैध कारोबार ढाई साल से ...और पढ़ें

जांच करते अधिकारी
HighLights
मुरादाबाद का बताया जा रहा अवैध कारोबार का सरगना
विभाग के कुछ कर्मियों के संलिप्त होने की भी रही चर्चा
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के बीच हरुनगला में पकड़ी गई नकली खाद बनाने की फैक्ट्री मामले में कृषि विभाग की ओर से जिलाधिकारी से अनुमोदन लेकर आरोपितों के खिलाफ बारादरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अनाधिकृत तरीके से भंडारण करने वाले आरोपित ने अपना पता तो बरेली का ही दर्ज कराया है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह मुरादाबाद का रहने वाला है और पिछले ढ़ाई साल से यहां कारोबार कर रहा है।
बरेली से लेकर मुरादाबाद तक के ग्रामीण अंचलों में आर्गेनिक पोटाश के रूप में सप्लाई की जा रही थी। चर्चा यह भी है कि इस खेल में विभाग के भी कुछ कर्मचारी संलिप्त हैं। बारादरी थाना पुलिस ने बीते रविवार को अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया था कि हरुनगला में उवर्रक संबंधी गोदाम संचालित किया जा रहा है।
यहां ट्रकों से माल मंगाया और भेजा जा रहा है। पुलिस के अनाधिकृत गोदाम होने की आशंका जाहिर करने पर एडीएम ने जिला कृषि अधिकारी को मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए थे। विभागीय टीम के साथ जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो गोदाम में माइक्रो न्यूट्रिएंट, एमओपी, फेरस सल्फेट का भंडारण पाया गया।
आर्गेनिक पोटाश की पैकिंग और सील करने के उपकरण भी मिले। गोदाम का निरीक्षण करने पा पाया कि सुरेंद्र कुमार अपने साथी बबलू के साथ माइक्रो न्यूट्रिएंट, एमओपी, फेरस सल्फेट भंडारित किए हुए हैं। बिक्री का लाइसेंस तो दिखाया, लेकिन मौके से मिली वस्तुओं का कोई बिल या इनवाइस नहीं मिला। नमूने भरकर गोदाम को सील करा दिया गया।
सोमवार को प्रभारी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी के अनुमोदन से बारादरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपित पर कार्रवाई तो हुई है, लेकिन विभागीय कार्यशैली पर सवाल भी उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यहां ढ़ाई साल से यह अवैध कारोबार चल रहा था, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी।
चर्चा यह भी होती रही कि कृषि विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से यह खेल चल रहा था। अनाधिकृत तरीके से आर्गेनिक पोटाश बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई दी जा रही थी।
नकटिया क्षेत्र में भी चल रहे इस तरह के खेल
हरुनगला में पकड़े गए अनाधिकृत कारोबार की तरह नकटिया क्षेत्र में भी अवैध कारोबार होने की चर्चा किसानों के बीच होती दिखी। जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहे किसान आपस में चर्चा करते दिखाई दिए कि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से ही इस तरह के खेल चल रहे हैं। एक किसान नेता ने बताया कि इसके खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा।
हरूनगला में कल माइक्रो न्यूट्रिएंट, एमओपी, फेरस सल्फेट का भंडारण पकड़ा गया था। मौके पर पैकिंग, सील करने की वस्तुएं भी मिली थीं। नमूने लेकर गोदाम को सील करा दिया गया था। मुख्य विकास अधिकारी से अनुमोदन लेकर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। नमूनों की जांच रिपोर्ट और पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- ऋतुषा तिवारी, जिला कृषि अधिकारी
यह भी पढ़ें- ममता शर्मसार! बरेली में पकड़ी गई कलयुगी मां, 4 पतियों से पैदा हुए 9 बच्चों को ही बेच डाला
