बरेली: 6 महीने में थमा देता था 3 साल की डिग्री, फर्जी मार्कशीट रैकेट का भंडाफोड़, संचालक गिरफ्तार
पुलिस ने बरेली में फर्जी मार्कशीट और डिग्री बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संचालक प्रदीप गंगवार को गिरफ्तार ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में फर्जी मार्कशीट बनाकर देने वाला प्रदीप। सौ. पुलिस
HighLights
पुलिस ने 21 मार्कशीट, छह प्रमाणपत्र, 11 मोहर आदि सामान किया बरामद
जागरण संवाददाता, बरेली। डेस्टिनी एजुकेश सेंटर की आड़ में तीन से चार महीने में फर्जी मार्कशीट और प्रमाणपत्र बनाकर देने वाले को प्रदीप गंगवार को पुलिस ने दबोच लिया। वह नागालैंड, गढ़वाल सहित अन्य विश्वविद्यालयों की आनलाइन फर्जी मार्कशीट और डिग्री नोएडा के युवक से मंगवाता था।
वह दो साल में 40 से अधिक फर्जी मार्कशीट और प्रमाणपत्र बनाकर दे चुका था। पुलिस ने उसके पास से 21 मार्कशीट, छह डिग्री, सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पंजाब के संगरूर निवासी राहुल सिंह थाना बारादरी की ईमेल आइडी पर प्रार्थना पत्र भेजकर शिकायत की कि बीए में प्रवेश दिलाने के बहाने प्रदीप कुमार ने उनसे 50 हजार रुपये लिए।
उन्होंने अपने रिश्तेदार मोहनलाल के जरिए रुपये दिए थे। उसने छह महीने में ही महाराजा अग्रसेन गढ़वालियन, गढ़वाल की तीन वर्ष की बीए की मार्कशीट बनाकर भेज दी।
तीन वर्ष की मार्कशीट, छह महीने में भेजने पर शक हुआ तो उन्होंने जानकारी की तो मार्कशीट फर्जी पाई गई। इस पर उन्होंने प्रदीप से पैसे वापस मांगे तो उसने उनका नंबर ब्लाक कर दिया।
बारादरी थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल की शिकायत की जांच के साथ ही प्रदीप के मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगाली गई तो उसकी पहचान प्रदीप कुमार गंगवार, निवासी मकान नं-के-57, आनंद विहार, आशापुरम, थाना बारादरी के रूप में हुई।
वरिष्ठ उप निरीक्षक शिवेंद्र सिंह भदौरिया ने गुरुवार को प्रदीप कुमार गंगवार को वंश अस्पताल के पीछे रेलवे ग्राउंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों की 21 मार्कशीट, छह प्रमाण पत्र, 11 अलग-अलग नामों की मोहर, दो मोबाइल फोन, एक इंकपैड, 8,970 रुपये और स्कूटी बरामद हुई।
इन लोगों के नाम की मिलीं 11 मोहर
पुलिस को जो 11 मोहर बरामद हुई हैं, वे हेमाक्षी एजुकेशन हब और डेस्टिनी एजुकेशन सेंटर के नाम की हैं। इन मोहर में रामपुर, बरेली, एनसीआर आदि का पता लिखा है। इनमें प्रदीप ने खुद को डायरेक्टर बताया है।
