बरेली की 5 ग्राम पंचायतों की चमकी किस्मत: मिला CM अवार्ड, विकास के लिए मिलेंगे लाखों रुपये
बरेली की पांच ग्राम पंचायतों - लौंगपुर, औंघ, अधलखिया, अन्तपुर और शिवनगर - को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
ग्राम पंचायतों में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा, तेजी से होगा विकास : सीडीओ
जागरण संवाददाता, बरेली। मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले की पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया गया है। इनमें लौंगपुर, औंघ, अधलखिया, अन्तपुर एवं शिवनगर शामिल हैं। इसी क्रम में इन ग्राम पंचायतों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 35 लाख, द्वितीय पुरस्कार में 30 लाख, तृतीय पुरस्कार में 20 लाख, चतुर्थ पुरस्कार में 15 लाख, जबकि पंचम पुरस्कार में 10 लाख रुपये के अनुदान आवंटित किए गए हैं।
ग्राम पंचायतों का सर्वांगीण विकास कराने के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में स्व-मूल्यांकन एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
योजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा उत्पन्न हो रही है, जिससे वे जल संरक्षण, स्वच्छता, बाल-हितैषी योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा और सुशासन के मानकों पर उत्कृष्ट कार्य कर सकें।
विजेता पंचायतों को प्रदान की जाने वाली विकास अनुदान राशि का उपयोग गांव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में किया जाता है, इससे न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा मजबूत होता है बल्कि स्मार्ट ग्राम निर्माण की दिशा में तेजी से प्रगति होती है।
चयन के लिए छह चरण होते हैं। प्रथम चरण में ग्राम पंचायतों को स्व मूल्यांकन करते हुए आनलाइन आवेदन करना होता है। द्वितीय चरण में जनपद स्तर पर गठित परफारमेंस असेसमेंट कमेटी मूल्यांकन करती है।
तीसरे चरण में स्थलीय सत्यापन किया जाता है। चौथे चरण में विशेष टीमें रेंडम स्थलीय सत्यापन करती हैं। पांचवें चरण में जनपद स्तर से प्राप्त होने वाली संस्तुतियों पर राज्य परफारमेंस एसेसमेंट समिति अंतिम परीक्षण कर अनुमोदन करती है।
इसके बाद अंतिम चरण में सत्यापन के दौरान यदि किसी भी स्तर पर ग्राम पंचायत का कार्य संतोषजनक नहीं मिलता, आवेदन में प्रस्तुत आंकड़े त्रुटिपूर्ण मिलने पर पात्रता सूची से बाहर कर दिया जाता है।
इस वर्ष जिले की 121 ग्राम पंचायतें योजना में पात्र मिली थीं, स्थलीय सत्यापन के बाद सर्वाधिक अंक पाने वाली पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है।
इनमें फरीदपुर ब्लाक की लौंगपुर, फतेहगंज पश्चिमी ब्लाक की औंघ, बिथरी चैनपुर की अधलखिया, मझगवां की अन्तपुर और नौगवां की शिवनगर ग्राम पंचायत को प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान मिला है।
मुख्य विकास अधिकारी देवयानी का कहना है कि इस योजना से ग्राम पंचायतों में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। पुरस्कार के रूप में मिलने वाली अतिरिक्त अनुदान से ग्राम पंचायतों का तेजी से विकास हो रहा है।
यह भी पढ़ें- भारतीय सेना के सभी सेंटरों को पीछे छोड़ जाट रेजिमेंटल सेंटर ने रचा इतिहास, बना देश का सबसे स्वच्छ सैन्य परिसर
