मोदी लहर में भी सपा को शाहजहांपुर में इकलौती सीट दिलाने वाले विधायक हुए भाजपाई, जानिए क्यों बदला पाला
शरदवीर सिंह कुछ दिन से भाजपा प्रत्याशी के साथ भी नजर आ रहे थे। हालांकि सपा में मनाने की कोशिश हो रही थीं जो नाकाम रहीं और शरदवीर भाजपा में शामिल हो गए। शरदवीर सिंह ने कुछ दिनों पहले ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा था।
बरेली, जेएनएन। 2017 में प्रचंड मोदी लहर में भी शाहजहांपुर में सपा को इकलौती सीट जिताने वाले जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक शरदवीर सिंह गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। वह अपना टिकट काटे जाने से नाराज थे। दिल्ली में भाजपा कार्यालय पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलायी। इस बार पार्टी ने उनका टिकट काटते हुए भाजपा से आए नीरज मौर्य को अपना प्रत्याशी बनायाा था, जिसके बाद से शरदवीर सिंह नाराज थे। उन्होंने भाजपा में जाने के संकेत दिए थे।
शरदवीर सिंह कुछ दिन से भाजपा प्रत्याशी के साथ भी नजर आ रहे थे। हालांकि सपा में मनाने की कोशिश हो रही थीं, जो नाकाम रहीं और शरदवीर भाजपा में शामिल हो गए। शरदवीर सिंह ने कुछ दिनों पहले ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा था। अपने इस्तीफे में उन्होंने सपा प्रत्याशी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा था कि यह क्षेत्र की जनता के साथ धोखा हैं। वह पिछले 27 साल से पार्टी की सेवा कर रहे थे। पार्टी के इस निर्णय से उनके समर्थकों को घोर निराशा हुई है। अध्यक्ष जी के नेतृत्व में पार्टी नेताजी के सिद्धांतों से भटक गई है।
शाहजहांपुर में सभी प्रत्याशी घोषित कर चुकी है सपा: सपा ने इस बार प्रत्याशी घोषित करने की बजाय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न दिए हैं। भाजपा छोड़कर आए रोशन लाल वर्मा को तिलहर व पूर्व विधायक नीरज मौर्य को जलालाबाद से प्रत्याशी बनाया है। तनवीर खां को शहर, पूर्व विधायक राजेश यादव को कटरा, उपेंद्र पाल सिंह को पुवायां व राजेश वर्मा को ददरौल से चुनाव चिह्न दिए गए।