दिवाली दो महीने दूर, अभी से दोगुने से भी ज्यादा बढ़ गए फ्लाइट टिकट के दाम; देखें नई रेट लिस्ट
दिवाली के अवसर पर बरेली से बेंगलुरु और नवी मुंबई के हवाई किराए में भारी वृद्धि हुई है, जो दो महीने पहले ही दोगुना से अधिक हो गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दिवाली पर बरेली से बेंगलुरु-नवी मुंबई हवाई किराया दोगुना हुआ।
दो महीने पहले ही टिकटों की बुकिंग में तेजी देखी गई।
40% सीटें भरने पर किराया और बढ़ने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, बरेली। दिवाली के अवसर पर बेंगलुरु और नवी मुंबई की हवाई टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है, जिसके चलते किराए में तेजी से वृद्धि हो रही है। बरेली से बेंगलुरु और नवी मुंबई का किराया दो महीने पहले ही दोगुणा से अधिक तक पहुंच गया है।
जैसे-जैसे फ्लाइट में सीटों की बुकिंग बढ़ेगी और 40 प्रतिशत से अधिक सीटें फुल होने पर किराया और तेजी से बढ़ेगा। रक्षाबंधन पर भी फ्लाइट का किराया काफी महंगा हो गया था। वहीं यात्रियों की संख्या अधिक होने की वजह से अभी से रेलवे की ओर से दिवाली के मौके पर कई स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की जा चुकी है।
इंडिगो की वेबसाइट पर शुक्रवार की स्थिति के अनुसार सोमवार की फ्लाइट में नवी मुंबई से बरेली का किराया 6061 रुपये है, जबकि दिवाली पर छह नवंबर को किराया दोगुणा से 17243 रुपये हो गया है। वहीं वापसी में बरेली से नवीं मुंबई का 11 नवंबर का किराया 13863 हो गया है।
दिल्ली और नोएडा के लिए हवाई किराए में अभी तक कोई बदलाव नहीं
इसी तरह से बेंगलुरु से बरेली का 13 सितंबर की फ्लाइट का किराया 9620 रुपये है जो पांच और सात नवंबर को 20960 रुपये हो गया है। इसी तरह से वापसी में बरेली से बेंगलुरु का 10 नवंबर का किराया 16895 रुपये हो गया है।
यद्यपि दिल्ली और नोएडा के लिए हवाई किराए में अभी तक कोई बदलाव नहीं हुआ है लेकिन आने वाले समय में यहां की भी सीटें 40 प्रतिशत से अधिक बुक होने पर किराया बढ़ना शुरू हो जाएगा।
बरेली एयरपोर्ट डायरेक्टर अवधेश अग्रवाल ने बताया कि त्योहार के दौरान अधिकांश यात्रियों का आवागमन होता है, ऐसे में लोगों ने अभी से दिवाली की टिकट बुक करानी शुरू कर दी हैं। फ्लाइट की 40 प्रतिशत से अधिक सीटें बुक होने पर किराया एयरलाइंस कंपनियों की ओर से किराये में वृद्धि शुरू कर दी जाती है।
