पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव से की मुलाकात, सपा में शामिल होने से बरेली मंडल की 9 सीट पर पड़ेगा असर
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया है। उनके ...और पढ़ें

लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप।
HighLights
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने सपा में शामिल होने का ऐलान किया।
अखिलेश यादव से मुलाकात कर नई राजनीतिक पारी की शुरुआत।
बरेली मंडल की नौ सीटों पर पड़ेगा सकारात्मक प्रभाव।
जागरण संवाददाता, बरेली। भाजपा छोड़ने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप को लेकर बनी असमंजस की स्थिति रविवार को खत्म हो गई। बेटी कीर्ति के साथ उन्होंने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर यह साफ कर दिया कि अब वह साइकिल से नई राजनीतिक पारी शुरू करने जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि समर्थकों के साथ 27 अक्टूबर को विधिवत सदस्यता ग्रहण करेंगे। पूर्व सांसद का बरेली ही नहीं मंडलभर की नौ सीटों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं, सपा से टिकट के लिए महीनों से पसीना बहा रहे कई दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के भाजपा से इस्तीफा देने के बाद से ही इनके सपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। रविवार को जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव और अपनी बेटी के साथ वह लखनऊ पहुंचे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर फोटो भी खिंचवाया।
बताते हैं कि इससे पहले सपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी लंबी बातचीत हुई है। बताते हैं कि उन्होंने अपनी बेटी को बिथरी चैनपुर से चुनाव लड़ाने की बात रखी है। जबकि पूर्व सांसद वीरपाल सिंह को आंवला का विधानसभा क्षेत्र प्रभारी बनाकर पार्टी ने यह संकेत दे दिया है कि यहां से टिकट उनके पुत्र डॉ. देवेंद्र यादव को मिल सकता है।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के सपा में आने पर बरेली जिले की बिथरी चैनपुर, फरीदपुर, बहेड़ी, नवाबगंज और भोजीपुरा सीटों पर कश्यप बिरादरी के वोटों का लाभ मिल सकता है। इसके अलावा शाहजहांपुर में शाहजहांपुर में कटरा व जलालाबाद वहीं, जबकि बदायूं में दातागंज और शेखूपुर विधानसभा सीटों पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
पार्टी की ओर से मिले संकेतों के अनुरूप सब कुछ हुआ तो बिथरी चैनपुर और आंवला सीटों पर टिकट की आस में महीनों से पसीना बहा रहे दावेदारों के मंसूबों पर पानी फिर जाएगा। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने बताया कि पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मुलाकात हो गई है। वह 27 अक्टूबर को समर्थकों के साथ लखनऊ में ही पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
डीसीडीएफ चेयरमैन शिवेंद्र नाथ चौबे सपा में शामिल
सन्हा (अब बिथरी विधानसभा) सीट से छह बार विधायक रहे स्व. रामेश्वर नाथ चौबे के प्रपौत्र तथा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे स्व. मुन्ना चौके के पुत्र भाजपा नेता एवं डीसीडीएफ के चेयरमैन शिवेंद्र नाथ चौबे ‘कुक्कू’ रविवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। शुभलेश यादव के साथ लखनऊ पहुंचकर उन्होंने अखिलेश यादव से मुलाकात कर सपा में आस्था व्यक्त की।
