भाजपा की रैली में आ रही कार्यकर्ताओं से भरी बस में डीसीएम ने मारी टक्कर, 15 घायल Badaun News
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रोटा गांव के पास ही बस में एक डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में करीब 15 कार्यकर्ता घायल हो गए।
जेएनएन, बदायूं। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं से भरी बस रविवार दोपहर वजीरगंज थाना क्षेत्र से शहर आ रही थी। तभी मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रोटा गांव के पास ही बस में एक डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में करीब 15 कार्यकर्ता घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्षी दलों की ओर से फैलाए भ्रम को दूर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से जन जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। जिनमें पार्टी की ओर से हर जिले में जागरुकता रैली व संगोष्ठी का आयोजन कर लोगों को नए कानून के प्रति जागरुक किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को जिले में जन जागरुकता रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए पूरे जिले से भाजपा के कार्यकर्ता आ रहे हैं।
वजीरगंज थाना क्षेत्र से भी कार्यकर्ता एक निजी बस में सवार होकर दोपहर में शहर आ रहे थे। उनकी बस मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हार्इवे पर रोटा गांव के पास गुजर रही थी, तभी एक डीसीएम ने बस में टक्कर मार दी। हादसे में लगभग 15 लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। फिर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
रैली के चलते प्रशासन अलर्ट, जगह जगह पुलिस तैनात
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भाजपा की जागरूकता रैली के मद्देनजर शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रमुख चौराहों समेत जिला अस्पताल समेत सार्वजनिक स्थलों पर भारी मात्रा में पुलिस तैनात की गई है।