जलभराव के बाद मंडराया बीमारियों का खतरा
अमूमन पूरा शहर जलभराव की चपेट से गुजर चुका है।
जागरण संवाददाता, बरेली : अमूमन पूरा शहर जलभराव की चपेट से गुजर चुका है। कई हिस्सों में अब भी पानी भरा है। संजय नगर, हजियापुर, पुराना शहर जैसे इलाकों में सड़कों पर पानी भरा रहना स्थाई समस्या बनी है। बजबजाती नालियों से दुर्गध उठ रही है। इससे क्षेत्रों में बीमारियां फैलने की आशंका गहराई है। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जलभराव से बीमारियां फैलने पर अंकुश के लिए लार्वा और कीटनाशक पाउडर का छिड़काव कराया जा रहा है। हालांकि शहर में स्वास्थ्य के प्रति निगम के इस अभियान की झलक कहीं नजर नहीं आई।
बीते दिनों संजयनगर और हजियापुर के बाशिंदे नगरायुक्त से मिले थे। उन्होंने बताया कि लगातार जलभराव से क्षेत्र में इंफेक्शन फैलने लगा है।
स्वास्थ्य विभाग का तर्क
-नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार कहते हैं कि जलभराव वाले स्थानों पर हम लगातार लार्वा के खात्मे के लिए दवाई का छिड़काव करा रहे हैं। जबकि कूड़ाघरों के पास कीटनाशक के खात्मे का पाउडर का छिड़काव चल रहा है। यह प्रक्रिया पिछले महीने से जारी है।
निगम के दावे पर लोगों का जवाब
-वनकटी नाथ मंदिर से पास रहने वाले अमित बताते हैं कि इस क्षेत्र के खाली स्थान पर जलभराव है। इन स्थानों पर गंदगी भी बेशुमार है। मगर अभी तक यहां निगम की ओर से कोई दवा नहीं डलवाई गई। गंदगी से लोगों में बीमारियों फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है।
तथ्य -निगम का दावा लार्वा और कीटनाशक पाउडर का हो रहा छिड़काव
-पुराना शहर से लेकर कई मुहल्ले में जलभराव के बाद उठ रही दुर्गध