Raksha Bandhan 2020 : रक्षाबंधन व बकरीद की खरीदारी से बाजार गुलजार
बकरीद और रक्षाबंधन की खरीदारी से बाजार गुलजार हो गए हैं। शुक्रवार रात 10 बजे से 55 घंटे की बंदी होने से पहले दिन में ही लोग बाजार पहुंचे और खरीदारी की।
बरेली, जेएनएन। बकरीद और रक्षाबंधन की खरीदारी से बाजार गुलजार हो गए हैं। शुक्रवार रात 10 बजे से 55 घंटे की बंदी होने से पहले दिन में ही लोग बाजार पहुंचे और खरीदारी की। बकरीद का त्योहार एक अगस्त शनिवार को मनाया जाएगा। रक्षाबंधन का त्योहार तीन अगस्त को मनाया जाएगा। जनपद में दोनों ही त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाए जाते हैं। शुक्रवार को त्योहार को देखते हुए बाजारों में भीड़ रही। कपड़ों फुटवियर से लेकर अन्य जरूरी सामान लोग खरीदते दिखाई दिए।
दुकानदारों की मानें तो कोरोना काल को देखते हुए उम्मीद से अच्छी खरीद हो रही है। बकरीद को देखते हुए जहां लोग घर को सजाने के लिए सजावटी सामान से लेकर क्राकरी, कुशन, पर्दे आदि की खरीदारी करते रहें। कपड़ों और फुटवियर की दुकानों पर खरीद होती रही। इसके साथ ही बकरीद के मौके पर बनाए जाने वाले व्यंजनों के लिए महिलाएं श्यामगंज किराना बाजार की दुकानों में दिखाई दी। बता दें कि बकरीद में भी लोग घरों में तरह-तरह के व्यंजन बनाते हैं। शुक्रवार को बकरीद व रक्षाबंधन दोनों के लिए खरीद होती रही। जिसमें राखी से लेकर कपड़ों की खरीद जारी रही। उसके साथ ही गिफ्ट दुकानों पर जमकर खरीद की गई। कपड़ा विक्रेताओं के मुताबिक हर बार की अपेक्षा इस बार काफी कम बिक्री हुई। राखी कारोबारी राहुल शर्मा ने बताया कि शनिवार व रविवार को बंदी होने के चलते शुक्रवार को बारिश बंद होने के बाद काफी संख्या में लोग खरीदारी को पहुंचे।