चमगादड़ों की कोविड और रेबीज जांच निगेटिव
गोरखपुर में मरे चमगादड़ों में से तीन का पोस्टमार्टम गुरुवार को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) में किया गया है। प्रशासन के मुताबिक प्रथम ²ष्टया उनके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। गर्मी के प्रकोप और लू के थपेड़ों की वजह से पेड़ से गिरने से ऐसा होने की आशंका है। चमगादड़ों का कोविड और रेबीज का टेस्ट भी कराया गया जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जेएनएन, बरेली : गोरखपुर में मरे चमगादड़ों में से तीन का पोस्टमार्टम गुरुवार को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) में किया गया है। प्रशासन के मुताबिक प्रथम ²ष्टया उनके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। गर्मी के प्रकोप और लू के थपेड़ों की वजह से पेड़ से गिरने से ऐसा होने की आशंका है। चमगादड़ों का कोविड और रेबीज का टेस्ट भी कराया गया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी कुछ और टेस्ट किए जाने बाकी है। लिहाजा फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी है।
गोरखपुर के खजनी रेंज के बेलघाट गांव स्थित एक बाग में दो दिन पहले 300 से अधिक संख्या में चमगादड़ मृत पाए गए थे। चमगादड़ों के मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। वन विभाग प्रथम ²ष्टया इनकी मौत का कारण अचानक बढ़ी गर्मी व पानी की कमी बता रहा। स्पष्ट कारण जानने के लिए गोरखपुर के चीफ वेटेनरी ऑफिसर डॉ. डीके शर्मा ने तीन चमगादड़ का शव आइवीआरआइ भेजा। गुरुवार को सुबह यहां उसका पोस्टमार्टम हुआ। लेकिन फाइनल रिपोर्ट देर शाम तक तैयार नहीं हो पाई थी।
-----
बयान
गोरखपुर से तीन चमगादड़ पोस्टमार्टम के लिए यहां आए थे। परीक्षण कर लिया गया है। उनके सिर पर चोट के निशान हैं। संभवत: गर्मी के प्रकोप और लू के थपेड़े के चलते गिरने से ऐसा हो सकता है। इसके अलावा कोविड और रैबीज की जांच भी की गई है। जिसकी रिपोर्ट निगेटिव है। अभी कई और टेस्ट किए जा रहे हैं। फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब स्पष्ट होगा।
- डॉ. वीके गुप्ता, संयुक्त निदेशक (कैडरेड), आइवीआरआइ