Corona Virus Relation : जनता और परिवार की फिक्र के साथ फर्ज निभा रही महिला पुलिस कर्मी Bareilly News
महिला पुलिस कर्मी दोहरी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहीं। कोरोना से आमजन को बचाने के लिए दिन भर लॉकडाउन की डयूटी। बच्चों मां और अन्य परिजनों को इस संक्रमण से बचाने की जद्दोजहद।
बरेली, अंकित गुप्ता। कोरोना संक्रमण जैसी वैश्विक महामारी जिससे हर कोई डर रहा है। पर चिकित्सक, सफाई कर्मी और पुलिस हमारे लिए कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे हैं। वहीं, महिला पुलिस कर्मी दोहरी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहीं। कोरोना से आमजन को बचाने के लिए दिन भर लॉकडाउन की डयूटी। इसके बाद बच्चों, मां और अन्य परिजनों को इस संक्रमण से बचाने की जद्दोजहद। घर जाते ही खुद को साफ सुथरा करने के बाद एक निश्चित दूरी बनाकर रहना पड़ता है। महिला इंस्पेक्टर, दारोगा और सिपाहियों को डयूटी पर खड़ा देख ऐसा लगता है जैसे फर्ज के आगे रिश्तों की फिक्र गुम गई हो। उनके इस समर्पण को सलाम।
डय़ूटी से लौटने के बाद देखते ही दौड़ते हैं बच्चे : महिला पुलिस कर्मियों ने बताया कि बच्चों के साथ ही परिवार में कई जिम्मेदारियां होती हैं। बच्चे तो देखते ही दौड़ते हैं, लेकिन किसी तरह उन्हें रोकते हैं। ड्यूटी से जाने के बाद सबसे पहले खुद को साफ सुथरा करने के बाद ही बच्चों व परिजनों के बीच बैठती हैं।
किसी ने सास तो किसी ने मां को बुलवाया घर : विवाहित महिला पुलिस कर्मियों के सामने बच्चों को संभालना बड़ी चुनौती है। आम दिनों में तो बच्चों को साथ लेकर भी ड्यूटी कर लेती थीं। लेकिन इस दौर में यह बच्चों को खतरे में डालने जैसा है। इसलिए कुछ पुलिस कर्मियों ने अपनी सास को तो कुछ ने अपनी मां को बुला लिया है।
जिले में डय़ूटी कर रहीं 645 महिला पुलिस कर्मी : कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए थाना वार महिला इंस्पेक्टर, दारोगा और सिपाही मिलाकर कुल 645 पुलिस कर्मी डयूटी कर रही हैं। थानों के अलावा यूपी-112 पर भी कुछ महिला पुलिस कर्मी तैनात हैं। इनमें से कुछ पुलिस कर्मी अभी अविवाहित भी हैं।
घर में बरततीं है पूरी सावधानी
महिला दारोगा शालू एक बेटे की मां भी हैं। पति विकास भी दारोगा हैं। दोनों के सुबह ड्यूटी पर निकलते वक्त बेटा ख्याल रखने की बात कहता है। शालू बताती हैं कि ड्यूटी के बाद घर पहुंचने पर पूरी सावधानी बरतती हैं। बताया कि उनकी सास भी इन दिनों यहीं हैं।
सबको समझनी होगी जिम्मेदारी
सिपाही आरती पटेल कहती हैं कि हम सभी पुलिस कर्मी सिर्फ इसलिए सड़कों पर हैं कि लोग घरों पर रहें। लेकिन लोग फिर भी निकलते हैं। ऐसे में यह संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। जिम्मेदारी सभी को समझनी होगी। तभी हम सभी कोरोना से जंग जीत सकेंगे।
सफाई कर ही जातीं बेटे के पास
प्रेमनगर थाने की महिला दारोगा सोनिया के साथ उनके पति अजय भी दारोगा हैं। दोनों सुबह होते ही ड्यूटी पर निकल जाते हैं। सोनिया ने बताया कि घर पहुंचने पर पहले नहा धोकर साफ सफाई, इसके बाद ही बेटे के पास जाती हूं। पति भी हैं ऐसे में सोनिया की मां बेटे के साथ रह रही हैं।
परिजनों को रहती है उनकी चिंता
सिपाही प्रीति सोलंकी कहती हैं कि हम पूरी मुस्तैदी से डयूटी करते हैं। लोगों को समझाते हैं। दिन भर बाहर रहते हैं। इसके बाद भी लोग नहीं समझते। बेवजह सड़कों पर घूमते हैं, ऐसा हरगिज न करें। जिम्मेदारियों को समझें। परिवार के लोगों को उनकी फिक्र लगी रहती है।
जोन अफसर की जिम्मेदारी निभा रहीं सीओ
हॉटस्पॉट बनाए गए सुभाष नगर के संक्रमित क्षेत्र की जोन कोर अफसर सीओ सीमा यादव हैं। संक्रमण की चपेट में कोई और न आ सके, इसके लिए क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहती हैं। पूरे दिन की शाम को मॉनीटरिंग भी करती हैं। कहती हैं माता-पिता और दीदी कई बार हालचाल लेती रहती हैं।