Corona virus : लखनऊ की पार्टी से लौटे शाहजहांपुर के कांग्रेसी नेता ने खुद को किया आइसोलेट
लखनऊ में जिस पार्टी में गायिका कनिका कपूर थीं वहां पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद भी थे।
शाहजहांपुर, जेएनएन । लखनऊ में जिस पार्टी में गायिका कनिका कपूर थीं, वहां पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद भी थे। शुक्रवार को गायिका में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद कांग्रेस नेता ने भी खुद को अपने घर में आइसोलेट कर लिया है। हालांकि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है। वे स्वस्थ हैं।
पार्टी होने के अगले दिन 16 मार्च को जितिन प्रसाद शाहजहांपुर लौट थे। यहां आने के बाद उनकी पार्टी कार्यकर्ताओं से सामान्य रूटीन मुलाकात होती रही। अपने निर्वाचन क्षेत्र में भी लोगों मिले थे। शुक्रवार को जब गायिका कनिका में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्होंने खुद को अपनी कोठी में आइसोलेट कर लिया। इस बाबत जानकारी के लिए उन्हें कई बार फोन लगाया मगर रिसीव नहीं हुआ।
आवास पर भी यह कह दिया गया वह शहर में नहीं हैं, दिल्ली गए हैं। हालांकि उनके स्टाफ से जुड़े लोगों ने इस बात की पुष्टि की कि वह परिवार समेत लखनऊ में एक पार्टी में शामिल होने गए थे। जोकि उनके एक रिश्तेदार के लिए रखी गई थी। उसी में गायिका कनिका कपूर आईं थीं। कांग्रेस नेता के ड्राइवर ने भी खुद को रोजा स्थित घर में आइसोलेट कर लिया है।
प्रशासन ने लिया संज्ञान, डीएम ने की पुष्टि
जितिन प्रसाद के पार्टी में शामिल होने और शुक्रवार को अचानक उनका लोगों से संपर्क न किए जाने का मामला चर्चा में आया तो देर शाम जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने फोन पर उनसे हालचाल लिए। डीएम ने बताया कि जितिन प्रसाद पार्टी से लौटे हैं, मगर पूरी तरह स्वस्थ हैं।
सीएमओ बोले जानकारी नहीं
शाम तक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. राजीव गुप्ता ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कुछ पता नहीं है। अभी उनसे संपर्क नहीं किया गया है।
कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद लखनऊ में हुई पार्टी में शामिल होकर लौटे हैं। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्हें व परिवार को होम क्वारंटाइन की सलाह दी गई है। कहा है कि जो भी लोग उनसे मिले हों, वे भी होम क्वारंटाइन हो जाएं। यदि उनमें या उनके साथ के लोगों को किसी भी तरह के कोई फ्लू की शिकायत होगी या लक्षण मिलेंगे मेडिकल कालेज के आइसोलेशन वार्ड में रखकर उपचार कराया जाएगा। -इंद्र विक्रम सिंह, डीएम