धान क्रय केंद्र पर अव्यवस्था का अंबार, नए आरएफसी कैसे पाएंगे पार
सीएम ने लापरवाही के चलते आरएफसी को निलंबित करके जोगिंदर सिंह को नया आरएफसी बनाया है। इसके बाद भी लापरवाही का आलम बना हुआ है। बुधवार को नवाबगंज के किसानों ने अव्यवस्था और हो रही परेशानी को लेकर एडीएम प्रशासन से शिकायत की
बरेली, जेएनएन। सीएम ने लापरवाही के चलते आरएफसी को निलंबित करके जोगिंदर सिंह को नया आरएफसी बनाया है। इसके बाद भी लापरवाही का आलम बना हुआ है। बुधवार को नवाबगंज के किसानों ने अव्यवस्था और हो रही परेशानी को लेकर एडीएम प्रशासन से शिकायत की। नवाबगंज की मुख्य मंडी में पांच धान क्रय केंद्र बनाए गए थे। आज किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम प्रशासन के सामने लापरवाही का पुलिंदा खोला। किसानों के आरोप थे कि धान क्रय केंद्र पर ढाई-ढाई सौ किसानों की वेटिंग चल रही है। उनका धान तौलने का स्लॉट बहुत कम रखा जा रहा है। जिसकी वजह से प्रतिदिन 350 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। इसके अतिरिक्त गांव में बनाए गए धान क्रय केंद्र इतनी दूरी पर बनाए गए हैं, कि किसान वहां तक पहुंच नहीं पा रहे हैं। जो किसान पहुंच भी रहे हैं। उनके धान में नमी बताकर उन्हेंं परेशान किया जा रहा है। उनके आरोप है कि बिचौलियों को फायदा पहुंचाने के लिए धान क्रय केंद्र प्रभारी यह पूरा खेल चला रहे हैं। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने जांच के आदेश कर दिए है। नवाबगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख तेज प्रकाश गंगवार, करनैल सिंह, दीवान सिंह, अमरजीत सिंह, दलजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह आदि ने शिकायत की।