विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में पकड़े गए चंबल एक्सप्रेस में 3 करोड़ का सोना लूटने वाले आरोपी, 2 KG से अधिक सोना बरामद

Published: Mon, 02 Nov 2026 02:58 PM (IST)

रेल पुलिस ने भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर हुए 3 करोड़ रुपये के सोना लूटकांड का पर्दाफाश किया है। इस ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

जागरण संवाददाता, गयाजी। रेलवे स्टेशन पर अधिकारी बनकर यात्रियों और कारोबारियों को डराने-धमकाने वाले ठगों ने इस बार करीब तीन करोड़ रुपये के सोने को निशाना बनाया था। भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर सोना कारोबारी के कर्मचारी से दो किलो छह ग्राम सोना लेकर फरार होने के मामले का रेल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।

पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। हालांकि, चोरी गए सोने का बड़ा हिस्सा अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसकी बरामदगी के लिए छापेमारी और पूछताछ जारी है।

रविवार को गया जंक्शन स्थित रेल थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने बताया कि बरेली के संकल्प गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड के मालिक संजय कुमार खंडेलवाल के कर्मचारी संजीव चौहान के साथ यह घटना हुई थी। संजीव कंपनी का सोना लेकर कोलकाता गए थे। वहां से चंबल एक्सप्रेस से वापस बरेली लौट रहे थे।

इसी दौरान 24 अक्टूबर को भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे। दोनों ने खुद को अधिकारी बताते हुए कर्मचारी को अपने प्रभाव में लिया और उससे सोना व मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद उसे जेल भेजने और उसके मालिक के घर छापेमारी कराने की धमकी दी। भयभीत कर्मचारी कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दोनों आरोपित सोना लेकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

इस दौरान जीआरपी, आरपीएफ भभुआ, आरपीएफ सीआइबी डीडीयू और बरेली पुलिस को एक साथ लगाया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रोहित कुमार (23), सचिन गंगवार (25) और वरुण कुमार (29) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों उत्तर प्रदेश के बरेली के नवादा शेखान के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित सचिन गंगवार सोना कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल के यहां 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करता था।

4 दिन से बरेली में डेरा डाले हुई थी बिहार पुलिस

बरेली के कारोबारी के कर्मचारी से ट्रेन में सोना ठगने वाले आरोपितों की तलाश में बिहार पुलिस कई दिनों से बरेली में डेरा डाले हुई थी। 28 अक्टूबर को बिहार पुलिस ने बारादरी थाना पुलिस के साथ ही अधिकारियों से संपर्क किया था। इसके बाद बारादरी के नवादा शेखान से आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में कोतवाली में एक महिला को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया था।

पुलिस अभी इस मामले में अन्य फरार आरोपितों की भी तलाश कर रही है। बारादरी में आरोपितों के अन्य आरोपितों के घर पर अभी ताले लगे हुए हैं। कारोबारी के यहां काम करने वाले कर्मचारी को पूरी जानकारी थी, इसलिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।