विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना किसी डॉक्यूमेंट के होगी जनगणना! घर आए अफसर को देने होंगे सिर्फ इन 40 सवालों के जवाब

Published: Tue, 29 Sep 2026 11:41 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 का दूसरा चरण 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगा, जिसमें बिना किसी ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी बोलीं, बेघरों की रात्रि विश्राम स्थल पर होगी गणना

जागरण संवाददाता, बरेली। जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की गणना उसी स्थान पर की जाए, जहां वह निर्धारित अवधि में निवासरत होगा। गणना करते समय किसी नागरिक से कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाए, केवल पूछकर जानकारी दर्ज की जाएगी। उनसे 40 सवाल पूछें जाएंगे।

जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर हु्ई बैठक में निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा ने यह निर्देश अधिकारियों को दिए। समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रशिक्षण, जनजागरूकता और गणना प्रक्रिया की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि जनगणना का पहला चरण यानी मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना कराई जाएगी।

इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से करीब 40 सवाल पूछकर उसका विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके लिए 35 दिन निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना के लिए पंचायत ग्राम के बजाय राजस्व ग्राम को मूल इकाई माना जाएगा।

ChatGPT Image Sep 29, 2026, 11_39_53 PM

जेल, वृद्धाश्रम, छात्रावास, पुलिस लाइन और अन्य संस्थागत परिसरों की शत-प्रतिशत सटीक गणना कराने के निर्देश दिए। वहीं बेघर व्यक्तियों की गणना उनके रात्रि विश्राम स्थल पर करने को कहा।

उन्होंने 24 अक्टूबर तक एफटी (फील्ड ट्रेनर) प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश दिए। कहा, प्रशिक्षण प्राप्त प्रगणक अपने क्षेत्र में जाकर लोगों को जनगणना की प्रक्रिया और आवश्यक जानकारियों के बारे में जागरूक करेंगे, ताकि लोग पहले से संबंधित विवरण तैयार रख सकें।

प्रशिक्षण के बाद प्रगणकों को नियुक्ति पत्र और क्षेत्र का आवंटन एक साथ करने के निर्देश दिए। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी कार्मिक की ड्यूटी न काटने को कहा। जिलाधिकारी अपने जिले में कार्मिकों के प्रभारी रहेंगे।

जनगणना को लेकर स्कूलों के माध्यम से अभिभावकों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रिंट, इलेक्ट्राॅनिक और इंटरनेट मीडिया के जरिए जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण, बैठकों, अधिकारियों के दौरों और अन्य गतिविधियों का प्रचार-प्रसार कराने को भी कहा।

प्रत्येक जिले में जनगणना के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने और जिला जनगणना सेल को जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के नियंत्रण कक्ष के रूप में उपयोग करने के निर्देश दिए। समस्या या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 का उपयोग करने को कहा।

बैठक में मंडलायुक्त शंभू कुमार, डीएम बरेली अविनाश सिंह, बदायूं के अवनीश राय, पीलीभीत के आलोक कुमार, शाहजहांपुर के धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त बरेली संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त शाहजहांपुर सौम्या गुरुरानी, सीडीओ बरेली देवयानी समेत मंडल के अपर जिलाधिकारी, नोडल अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली में बनेगा नया जंक्शन! रामगंगा के पास जगह की तलाश, बाइपास होंगे पुरानी लाइन और 3 स्टेशन