पीलीभीत में कार ने बाइक को मारी टक्कर, पूर्व प्रधान की मौत, पत्नी गंभीर Pilibhit News
शहर के माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग के पास बेकाबू कार ने बाइक सवार पूर्व प्रधान को टक्कर मार दी। जिसमें पूर्व प्रधान की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जेएनएन, पीलीभीत। शहर के माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग के पास बेकाबू कार ने बाइक सवार पूर्व प्रधान को टक्कर मार दी। जिसमें पूर्व प्रधान की मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल पत्नी को बरेली के श्रीराम मूर्ति स्मारक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद कार को तेज रफ्तार से दौड़ाकर चालक फरार हो गया। मामले की सूचना सुनगढ़ी थाना पुलिस को दी गई है, लेकिन अभी तक कार का सुराग नहीं लग सका है। बताया जाता है कि कार को सिख युवक चला रहा था।
गजरौला कलां क्षेत्र के गांव महुआ निवासी बनवारीलाल (54) बुधवार की शाम को बरेली हाईवे स्थित खमरिया पुल निवासी गोविंद राम के दाहसंस्कार में भाग लेने के बाद अपनी पत्नी सावित्री देवी (48) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। शहर के बाजार में घरेलू सामान की खरीददारी कर वह गौहनियां चौराहा होते हुए माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दंपती घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद कार चालक तेजी से कार दौड़ाकर फरार हो गया। मौके पर पहुंच कुछ राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायल दंपती को जिला अस्पताल भिजवा दिया। लेकिन घायल दंपती की हालत को बेहद गंभीर बताते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। तब तक घायल दंपती के पुत्र राकेश कुमार सहित अन्य परिजन जिला अस्पताल में पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन घायल दंपती को लेकर बरेली रवाना हो गए। इस बीच रास्ते में घायल बनवारीलाल ने दम तोड़ दिया। घायल सावित्री देवी को बरेली के श्रीराम मूर्ति स्मारक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। हादसे की बाबत परिजनों ने सुनगढ़ी थाना पुलिस को सूचना दे दी है, लेकिन अभी तक कार का सुराग नहीं लगा है। फिलहाल पुलिस कार की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि कार को सिख युवक चला रहा था।
बिटिया के हाथ पीले करने की हसरत अधूरी रह गई
ग्राम महुआ के पूर्व प्रधान बनवारी लाल की बेटी गायत्री देवी का विवाह 13 फरवरी को होना है। जिस कारण पूर्व प्रधान तथा अन्य परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे। परिवार में शादी को लेकर खुशी का माहौल था। बुधवार की शाम पूर्व प्रधान शहर में स्थित प्रिटिंग प्रेस में शादी के कार्ड छपवाने के लिए गए थे। ऐसे में घर के मुखिया की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पिता की मौत तथा मां के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलते ही गायत्री देवी तो बदहवास हो गई है। परिवार के लोगों को रो रोकर बुरा हाल है।