अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई मेें चलेगा अभियान
शहर में एक बार फिर से युद्ध स्तर पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पालिका प्रशासन ने बाजारों में अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित किया है। किसी तरह का अतिक्रमण के खिलाफ हंगामा न हो इसलिए अभियान की अगुवाई खुद सिटी मजिस्ट्रेट करेंगे।
बदायूं, जेएनएन। शहर में एक बार फिर से युद्ध स्तर पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पालिका प्रशासन ने बाजारों में अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित किया है। किसी तरह का अतिक्रमण के खिलाफ हंगामा न हो इसलिए अभियान की अगुवाई खुद सिटी मजिस्ट्रेट करेंगे।
शहर में अब तक कई इलाकों का अतिक्रमण दूर किया जा चुका है। लावेला चौक जो शहर के सबसे महत्वपूर्ण स्थानों में से एक है। वहां पर जेसीबी चलाकर अवैध निर्माण ढहा दिए गए। यहां पर अतिक्रमण हटाया गया था तो प्रशासनिक अमले को तमाम विरोध झेलना पड़ा था। इसके बाद गद्दी चौक, जालंधरी सराय, छह सड़का पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई। मुख्य स्थानों के साथ ही इंदिरा चौक से छह सड़का तक सड़क के चौड़ीकरण को विशेष अभियान चलाया गया। यह पूरी सड़क अब चौड़ी दिखाई देती है। अब शहर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाए जाने की रणनीति सिटी मजिस्ट्रेट ने तैयार की है। बाजारों में अतिक्रमण होने की वजह से जाम की समस्या आए दिन होती है। वहीं लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। दुकानदार अपना ज्यादातर सामान सड़कों पर ही सजा लेते हैैं। कुछ दुकानदारों ने तो अस्थाई रुप से दुकानें बढ़ा ली हैैं। इन अवैध निर्माण पर अब बुलडोजर चलाया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार का कहना है कि सभी टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वह मौके पर जाकर अवैध रूप से निर्माण कराने वालों को चिन्हित करें। इसके बाद इन अवैध निर्माण को हटाया जाएगा। हंगामा न हो इसके लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा।