दूल्हे के लड़खड़ाए कदम तो दुल्हन बोली- नहीं करुंगी शादी, हंगामा करने पर की दूल्हे की खातिरदारी
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में शराब पीकर शादी करने पहुंचे युवक के कदम लडखड़ाने पर दुल्हन ने जहां शादी करने से इंकार कर दिया।
शाहजहांपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में शराब पीकर शादी करने पहुंचे युवक के कदम लडखड़ाने पर दुल्हन ने जहां शादी करने से इंकार कर दिया। वहीं हंगामा करने पर दूल्हे की जमकर खातिरदारी भी कर दी। मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। लेकिन दुल्हन की जिद के आगे किसी की नहीं चल सकी। आखिर बिना दुल्हन के ही बरात वापस लौट गई।
यह दिलचस्प मामला जलालाबाद के नयागांव ग्राम का है। जहां बदायूं के उसांवा गांव से बरात आई थी। वधू पक्ष के लोगों ने बरात के आने पर बरातियों की आवभगत करते हुए उनका स्वागत किया। जिसके बाद द्वारचार की तैयारी हुईं। तैयारी होने के बाद जब दूल्हा पहुंचा तो वह शराब के नशे में धुत था। उसने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन उसके कदम लड़खड़ा गए।
यह देख वहां मौजूद कुछ लोगों ने ऐतराज जताया। वहीं जब इसकी जानकारी दुल्हन को हुई तो वह मुखर हो उठी। और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। लड़की द्वारा शादी की करने से मना करने पर दूल्हा व उसके पक्ष के लोग भड़क गए और हंगामा करने लगे। जिस पर दुल्हन के घर वालों ने पहले तो उन्हें समझाने की कोशिश की। जब वह नहीं मानें तो उन्होने दूल्हे की जमकर खातिरदारी कर दी। किसी तरह वहां मौजूद बुुजुर्गों ने विवाद शांत कराया।
उसके बाद पंचायत शुरू हुई जो काफी देर तक चली, लेकिन दुल्हन शादी न करने की बात पर अड़ी रही। इस बीच पुलिस भी पहुंची। जिसके बाद बरात वापस हो गई। दूल्हे के शराब पीने के कारण दुल्हन ने शादी से इनकार किया था। दोनों पक्षों के बीच पंचायत में जिसका जितना लेन देन था वह उन्होंने कर दिया। इसके बाद बरात वापस हो गई। किसी पक्ष की कोई तहरीर नहीं दी गई है।