भाजपा विधायक ने कहा- जब से डीएम आए, तब से जिले में बढ़ा भ्रष्टाचार
भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने जिलाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
पीलीभीत(जेएनएन)। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा ने जिलाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बोले, जब से डीएम डॉ. मिश्र ने कार्यभार संभाला है, तब से जनपद के सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ गया है। टेलीफोन पर मंडलायुक्त से भी उनकी शिकायत की। कहा-जिले के अन्य विधायकों व भाजपा जिलाध्यक्ष को साथ लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंटकर साक्ष्यों के साथ डीएम की शिकायत करेंगे। इसके लिए पत्र तैयार कर लिया है।
रविवार को पूर्वाह्न मुहल्ला दुबे स्थित कैंप कार्यालय पर बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में विधायक ने डीएम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि जिलाधिकारी का कार्य जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरस्त रखने के साथ साथ सभी को न्याय दिलाना व विभागों में भ्रष्टाचार को रोकना होता है। आरोप लगाया कि जब से डीएम डॉ. मिश्र ने कार्यभार संभाला है, तब से जनपद के सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम सीमा तक पहुंचता जा रहा है।
चहेते ठेकेदार को दे दिए सड़क एवं नाली निर्माण के ठेके
उन्होंने कहा कि नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना से भेंटकर अपने विधानसभा क्षेत्र में डूडा द्वारा एक दर्जन से अधिक सड़कों व नाला नालियों का निर्माण करवाने के लिए कई लाख रुपयों की धनराशि स्वीकृत कराई। आरोप है कि जो ठेके दिए गए हैं, उनमें अधिकांश ठेके जिलाधिकारी के एक चहेते ठेकेदार को मिले। कार्य दूसरा व्यक्ति करा रहा है वह भी जिलाधिकारी का कृपापात्र है। बोले, शनिवार को उन्होंने एक सड़क व नाली निर्माण कार्य का जायजा लिया तो कार्य काफी घटिया होता पाया, जिसे उन्होंने ध्वस्त करा दिया।
डीएम बोले, जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को देता हूं पूरा सम्मान
बीसलपुर के विधायक ने क्या कहा है, फिलहाल उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। वह तो जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को पूरा सम्मान देते रहे हैं।-डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र, डीएम