यूपी सरकार अपने ही विधायक का नहीं करा रही इलाज, जानिये किसने भाजपा सरकार पर ट्वीट करके ऐसा आरोप लगाया
विधायक के बेटे विकास गंगवार ने अपने ट्वीट में लिखा है कि क्या यही है यूपी सरकार अपने ही विधायक का कोरोना से इलाज नहीं करा पा रही है। मैंने कई बार मुख्यमंत्री कार्यालय फोन किया मगर किसी ने नहीं उठाया। धन्य है यूपी सरकार और धन्य है मोदी जी।
बरेली, जेएनएन। कोविड संक्रमण बढ़ने के साथ अस्पतालों में बेड, आक्सीजन और वेंटीलेटर की किल्लत होने लगी हैं, ऐसे में नवाबगंज विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक केसर सिंह के बेटे विकास गंगवार ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि क्या यही है यूपी सरकार, अपने ही विधायक का नहीं कर पा रही कोरोना से इलाज। मैंने कई बार मुख्यमंत्री कार्यालय फोन किया, मगर मजाल है जो फोन उठा लिया गया हो। धन्य है यूपी सरकार और धन्य है मोदी जी।
विकास से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को उनके पिता कोविड पॉजिटिव आए थे। इसके बाद उन्हें बरेली भोजीपुरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उनके पिता केसर सिंह की देखभाल ठीक से नहीं हो रही थी। आक्सीजन लेवल लगातार गिरता जा रहा था। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय से मदद मांगी। ताकि उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर करवाया जा सके। लेकिन उनके तमाम प्रयास के बावजूद इलाज में मदद नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने ट्वीट भी किया। उन्होंने बताया कि रविवार को वह पिता केसर सिंह को एंबुलेंस से नोएडा विस्तार में यथार्थ अस्पताल में भर्ती करने के लिए लेकर जा रहे हैं। वहींं निजी अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक उनके फेफड़ों तक संक्रमण पहुंच चुका था। इसलिए आक्सीजन का स्तर लगातार कम होता जा रहा है। बेटे विकास ने बताया कि उन्हें सरकार के रवैयेे से काफी निराशा हुई है।