लोकसभा चुनाव 2019: बरेली से संतोष गंगवार और आंवला से धर्मेंद्र कश्यप भाजपा प्रत्याशी घोषित
बरेली से केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार और आंवला से सांसद धर्मेंद्र कश्यप को फिर से पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है।
जेएनएन, बरेली: लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने धुलहेड़ी की शाम को पार्टी प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी की। इसमें बरेली से केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार और आंवला से सांसद धर्मेंद्र कश्यप को फिर से पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है। उनके समर्थकों और भाजपाईयों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
भाजपा हाईकमान को गुरुवार शाम को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करनी थी। शाम से ही भारत सेवा ट्रस्ट पर केंद्रीय श्रम मंत्री और कांधरपुर स्थित सांसद कार्यालय पर उनके समर्थक टीवी पर निगाहें जमाकर बैठ गए। फिर जैसे ही नामों की घोषणा हुई। समर्थकों ने मिठाई खिला शुभकामनाएं दी। बरेली से आठ बार चुनाव लड़कर केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार सात बार सांसद चुने जा चुके हैं। पार्टी ने इस बार फिर से उन्हीं पर विश्वास जताया है। उनके नाम पर शुरू से कोई संशय भी नहीं था। इस मौके पर गुलशन आनंद, ललित अवस्थी, चमन सक्सेना, मुन्नालाल वर्मा, शावेज रईस, रामगोपाल मिश्रा, तरुण गंगवार, ब्रजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
आंवला में भी मना जश्न
आंवला लोकसभा में पिछले कुछ दिनों से वर्तमान सांसद धर्मेंद्र कश्यप का टिकट कटने की चर्चाएं तेज थी। हर रोज एक नए नाम की चर्चा होती थी, हालांकि पार्टी के पदाधिकारी पूरे मामले में चुप्पी साधे थे, जिससे यहां सबकी जिज्ञासा बनी हुई थी। गुरुवार शाम जब नामों की घोषणा हुई, तो पार्टी हाईकमान ने लगातार दूसरी बार धर्मेंद्र कश्यप को ही फिर से ही यहां का प्रत्याशी बनाया। समर्थकों ने उनके कांधरपुर स्थित कार्यालय पर पहुंचकर मिठाई खिला शुभकामनाएं दी।
नाम पहले से थे तय, विरोधी फैला रहे थे अफवाहें
बरेली और आंवला में प्रत्याशियों के नामों को लेकर पार्टी हाईकमान में कोई संशय नहीं था। दोनों ही नाम पहले से ही तय थे। सिर्फ घोषणा होनी थी। आंवला में अफवाहें विरोधी फैला रहे थे, जिससे ध्यान बंटाकर चुनाव तैयारियों को प्रभावित कर सके।-रविंद्र सिंह राठौर, जिलाध्यक्ष, भाजपा