Loksabha Election 2019: बदायूं में भाजपा प्रत्याशी ने लगाया बूथ कैप्चरिंग का आरोप, चुनाव आयोग को भेजी शिकायत
भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्या ने सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए गुन्नौर के बीस पोलिंग बूथों पर दोबारा मतदान कराए जाने की मांग की है।
जेएनएन, बदायूं : भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्या ने सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाते हुए गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के बीस पोलिंग बूथों पर दोबारा मतदान कराए जाने की मांग की है। मतदान खत्म होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि वह सबसे पहले गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में मतदान का हाल जानने पहुंची थीं। एक बूथ पर बगैर आइडी प्रूफ दिखाए लोग पोलिंग बूथ के अंदर जा रहे थे। आइडी मांगी तो वह वहां से भाग खड़े हुए। उन्होंने कहा कि इस मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट भी संदेह के घेरे में हैं। एक पोलिंग बूथ पर वह पहुंचीं तो देखा कि एक संदिग्ध व्यक्ति पोलिंग बूथ के अंदर था। दूसरी जगह एक कर्मी ने कहा कि यह मेरा बेटा है। उसके पास पर्ची नहीं थी और उसकी अंगुली पर निशान था। सपा प्रत्याशी ने बौखलाहट के चलते अफवाह उड़वा दी कि संघमित्रा बूथ कैप्चरिंग करने पहुंची तो जनता ने उनपर पथराव कर दिया। इस बात की वीडियो रिकार्डिंग उनके पास है। उन्होंने कहा कि मय सबूतों के सभी शिकायत चुनाव आयोग को भेजी गई है।
धर्मेंद्र बोले, निराधार आरोपों का कोई मतलब नहीं
भाजपा का शासन है, भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा के पिता कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य जिले में मौजूद रहे हैं। उन्होंने शासन और सत्ता का दुरुपयोग किया है। चुनाव प्रचार खत्म हो जाने के बाद उन्हें जिले से चले जाना चाहिए, इसके बाद भी वह जिले में मौजूद रहे। गुन्नौर में भाजपा प्रत्याशी खुद मौजूद रहीं हैं। गुन्नौर और सहसवान में कैबिनेट मंत्री और भाजपा प्रत्याशी ने हमारे कार्यकर्ताओं को धमकाया। अब उल्टे हम पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया जा रहा है। जिले की जनता हमारे साथ है, इसलिए इस तरह के निराधार आरोपों का कोई मतलब नहीं है। - धर्मेंद्र यादव, प्रत्याशी सपा