यूपी चुनाव: बरेली में 9 विधानसभा सीटों के सवा 7 लाख युवा मतदाता तय करेंगे चुनावी दिशा
बरेली की नौ विधानसभा सीटों पर 7.13 लाख युवा मतदाता चुनावी गणित में अहम भूमिका निभाएंगे।

AI IMAGE; 18-29 आयु वर्ग के ये वोटर रोजगार, शिक्षा जैसे मुद्दों पर दलों की रणनीति को प्रभावित करेंगे, जिन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल होगा।
HighLights
बरेली की नौ सीटों पर 7.13 लाख युवा मतदाता।
18-19 आयु वर्ग के 55,829 मतदाता पहली बार करेंगे मतदान।
युवाओं के मुद्दे रोजगार, शिक्षा, विकास चुनावी रणनीति में अहम।
अशोक आर्य, जागरण, बरेली। चुनावी मैदान में राजनीतिक दल भले ही जातीय समीकरण, परंपरागत वोट बैंक और पुराने चुनावी नतीजों के आधार पर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हों, लेकिन जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 7.13 लाख युवा मतदाताओं की मौजूदगी चुनावी गणित का एक बड़ा हिस्सा साबित होंगी। 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के ये मतदाता आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
खास बात यह है कि जिले में 55,829 मतदाता ऐसे हैं, जो 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग में हैं यानी बड़ी संख्या में युवा मतदाता पहली बार मतदान के अधिकार का इस्तेमाल करने की तैयारी में हैं। विधानसभावार आंकड़ों में भोजीपुरा सबसे आगे है। यहां 91,647 युवा मतदाता हैं। दूसरे स्थान पर बिथरी चैनपुर है, जहां इनकी संख्या 89,730 है। इन दोनों सीटों पर युवा मतदाताओं की संख्या 89 हजार से अधिक है।
बहेड़ी में 85,052 और मीरगंज में 79,244 युवा मतदाता हैं। इससे साफ है कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर भी युवा मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है। शहर की दोनों सीटों पर तस्वीर थोड़ी अलग है। बरेली विधानसभा में 78,670 युवा मतदाता हैं, जबकि कैंट में इनकी संख्या 62,058 है। हालांकि, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या के मामले में बरेली शहर सभी नौ सीटों से आगे है।
यहां इस आयु वर्ग के 7,788 मतदाता हैं। कैंट में भी 6,676 युवा इस आयु वर्ग में शामिल हैं। यह संकेत देता है कि शहरी क्षेत्रों में भी नए मतदाताओं की भागीदारी का दायरा बढ़ रहा है। नवाबगंज में 77,089, फरीदपुर में 75,721 और आंवला में 74,558 युवा मतदाता हैं। यानी जिले की किसी भी विधानसभा सीट पर युवा मतदाताओं की संख्या 62 हजार से कम नहीं है।
9 सीटों को मिलाकर 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 6,57,940 है। यह संख्या 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं से कई गुणा अधिक है। युवाओं की यह संख्या राजनीतिक दलों के लिए भी महत्वपूर्ण है। रोजगार, शिक्षा, स्थानीय स्तर पर विकास, उद्योग, कारोबार और बेहतर अवसर जैसे मुद्दे युवा मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय हो सकते हैं। हालांकि, इन आंकड़ों से किसी दल के पक्ष में मतदान का रुझान तय नहीं होता, लेकिन इतना जरूर है कि नौ विधानसभा क्षेत्रों में फैले इस बड़े मतदाता वर्ग को नजरअंदाज कर चुनावी रणनीति बनाना आसान नहीं होगा।
अब देखना होगा कि राजनीतिक दल युवाओं से जुड़े मुद्दों को अपने चुनावी एजेंडे में कितनी जगह देते हैं और उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए किस तरह जोड़ते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।