बरेली को मिलेगा सर्वश्रेष्ठ राजभाषा पुरस्कार, गृह मंत्री अमित शाह देंगे राष्ट्रीय सम्मान
राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और व्यावहारिक प्रयोग में उत्कृष्ट योगदान के लिए बरेली जिले को केंद्र सरकार का सर्वश्रेष्ठ राजभाषा पुरस्कार मिलेगा।

गृह मंत्री अमित शाह
HighLights
बरेली को राजभाषा हिंदी के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिलेगा।
गृह मंत्री अमित शाह 15 सितंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
आयकर आयुक्त ज्योत्सना जौहरी यह सम्मान ग्रहण करेंगी।
जागरण संवाददाता, बरेली। राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और व्यावहारिक प्रयोग के लिए केंद्र सरकार की ओर से बरेली जिले को राजभाषा का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार दिया जाएगा।
यह पुरस्कार गृह मंत्री अमित शाह 15 सितंबर को नवी मुंबई के वासी स्थित सिडको सभागार में आयोजित हिंदी दिवस एवं अखिल भारतीय हिंदी सम्मेलन के दौरान प्रदान करेंगे। पुरस्कार आयकर आयुक्त ज्योत्सना जौहरी प्राप्त करेंगी।
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव रहमत इस्लाम ने बताया कि 14 और 15 सितंबर को राजभाषा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में मुंबई में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष कार्यालय के रूप में आयकर विभाग को मिली जिम्मेदारी
नगर राजभाषा कार्यालय कार्यान्वयन समिति में केंद्र सरकार के कार्यालयों के प्रतिनिधि सदस्य होते हैं। समिति के अध्यक्ष कार्यालय के रूप में आयकर विभाग बरेली को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें जिले के 60 विभागों के कार्यालय सदस्य हैं।
समिति की वर्ष में दो प्रमुख बैठकें होती हैं। उन्होंने बताया कि हिंदी के प्रचार, प्रसार और सरकारी कामकाज में इसके प्रभावी प्रयोग के लिए किए गए कार्यों के आधार पर बरेली को यह सम्मान मिल रहा है।
इससे जिले में राजभाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए आयकर अधिकारी राजीव मिश्रा, सचिन रहमत इस्लाम के साथ ज्योत्सना जौहरी मुंबई रवाना हो गई हैं।
यह भी पढ़ें- 14 से 30 सितंबर तक बरेली में होगी अग्निवीर भर्ती रैली, 12 जिलों के युवा होंगे शामिल
