Bareilly Weather News: हिमालय की बर्फीली हवाओं ने बदला बरेली के मौसम का मिजाज
Bareilly Weather News हिमालय की बर्फीली हवाओं की वजह से बरेली में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। मंगलवार को भी ठंड के साथ बदली छाई रही। वहीं इसके एक दिन पूर्व यानि सोमवार को सुबह से शाम तक सूरज के दर्शन नहीं हुए थे।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Weather News: हिमालय की बर्फीली हवाओं की वजह से बरेली के मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। मंगलवार को सुबह ठंड के साथ बदली छाई रही। वहीं इसके पूर्व सोमवार को भी सुबह से शाम तक सूरज के दर्शन नहीं हुए थे। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह बताते हैं कि उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं हिमालय पर जमी बर्फ से ठंड अवशोषित कर लेती हैं। तराई इलाके में आते ही ये हवाएं शीतलहर में बदल जाती हैं। इसके अलावा राजस्थान की ओर से सूखी ठंडी हवा चल रही हैं। आगामी तीन फरवरी तक इसी तरह का मौसम रहने के आसार हैं।
हालांकि शुक्रवार को एक बार फिर मौसम का आकलन किया जाएगा। करीब एक हफ्ते तक दिन में कम धूप निकलने और सुबह-शाम जमकर कोहरा रहने के संकेत हैं। सोमवार को वातावरण में अधिकतम आद्र्रता 100 फीसद रही।
फिर से ऑरेंज जोन में जिला
मौसम में आए बदलाव की वजह से बरेली जिला एक बार फिर ऑरेंज जोन में आ गया है। अगले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। हालांकि इस दौरान आसपास के कई जिलों में मौसम का हाल सुधर जाएगा।