विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के बरेली में तीन दिन में सर्दी बढ़ने के आसार, तराई में घने कोहरे का अलर्ट

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:29 AM (IST)

बरेली में सोमवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित किया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और वाहन चालकों को ...और पढ़ें

बरेली में सुबह के समय घने कोहरे के बीच गुजरते वाहन। (तस्वीर- जागरण)

बरेली में सुबह के समय घने कोहरे के बीच गुजरते वाहन। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. बरेली में सुबह घना कोहरा, दृश्यता हुई शून्य।

  2. अगले तीन दिन तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट संभव।

  3. तराई क्षेत्रों में घने कोहरे और ठंड बढ़ने का अलर्ट।

जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में सोमवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। सुबह के समय एयरफोर्स क्षेत्र में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जबकि शहर में भी दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई। कोहरे के कारण सुबह वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई।

हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट गया और दोपहर में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। इस दौरान तेज उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलती रहीं। शाम को मौसम साफ रहा, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का एहसास बढ़ गया।

जिले का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय सर्दी का असर अधिक महसूस हुआ, जबकि दोपहर में धूप निकलने से मौसम कुछ सामान्य रहा।

मौसम में आए इस बदलाव के बाद अब रात के तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के दिन और रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट होने की संभावना है।

इससे तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे पहुंच सकता है और ठंड में बढ़ोतरी होगी। तराई क्षेत्रों में सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा पड़ने की संभावना है। वहीं, अन्य हिस्सों में भी मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। ऐसे में बरेली में भी सुबह के समय दृश्यता कम रहने के आसार हैं।

खासकर हाईवे और खुले इलाकों में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी। अगले कुछ दिनों में सुबह-शाम ठंड बढ़ने के साथ दोपहर की धूप का असर भी कम हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।